प्रबंध निदेशक ने बिजली व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखा

इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये.

समस्तीपुर. नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीडीसीएल) और बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में शहर के चीनी मील रोड स्थित मगरदही विद्युत शक्ति उपकेंद्र और फ्यूज कॉल सेंटर का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने उपकेंद्र में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. फ्यूज कॉल सेंटर में फ्यूज से जुड़े कार्यों, बिल संशोधन और उपभोक्ता शिकायतों की समीक्षा करते हुए त्वरित निष्पादन पर जोर दिया. उन्होंने संबंधित विद्युत अभियंताओं को बिल संशोधन और शिकायत निवारण व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिये, ताकि उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान हो सके. इसके अलावा ट्रांसफॉर्मर, फीडर और सर्विस लाइन में खराबी के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होने के मामलों की भी समीक्षा की गई. मौके पर उन्होंने विद्युत उपकेंद्र के परिसर में स्थापित ‘वॉल ऑफ सेफ्टी’ का अवलोकन किया. जिसमें विद्युत शक्ति उपकेंद्र में प्रवेश से पूर्व सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश अंकित हैं. इस नवाचारात्मक पहल की प्रबंध निदेशक ने सराहना करते हुए सुरक्षा मानकों का अनुपालन करने का निर्देश दिया. प्रबंध निदेशक ने विद्युत शक्ति उपकेंद्र, ग्रिड उपकेंद्र एवं विद्युत लाइनों के अनुरक्षण कार्यों में मानक संचालन प्रक्रिया का सख्ती से पालन करने तथा संबंधित पंजी का नियमित अद्यतन करने के निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत शक्ति उपकेंद्र परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य समस्तीपुर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार करना और तकनीकी कमियों को दूर करना था. एमडी के इस कड़े रुख से स्थानीय बिजली कंपनी के अधिकारियों में हड़कंप देखा गया. उन्होंने साफ किया कि बिजली आपूर्ति में किसी भी तरह का व्यवधान बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. मौके पर विद्युत अधीक्षण अभियंता कुमार गौरव, विद्युत कार्यपालक अभियंता आनंद कुमार, एसडीओ शशि कपूर, जेई गौतम कुमार, जेई अमित राज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RANJEET THAKUR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >