Samastipur News: थाना क्षेत्र के शासन गांव में बंद घर में हुई चोरी की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले की छानबीन के लिए पुलिस के साथ एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ कई बिंदुओं पर जांच की.
चोरी के बाद घर में पहुंची जांच टीम
थानाध्यक्ष सुनील कांत ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए गए हैं. उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
गोदरेज के लॉकर से जेवर मिलने की चर्चा
इधर, चोरी की घटना के बाद इलाके में चर्चा है कि जांच के दौरान गोदरेज के अंदर बने लॉकर से कुछ सोने के जेवर बरामद हुए हैं. हालांकि, पुलिस की ओर से इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है.
पीड़ित परिवार ने की सामान बरामदगी की मांग
पीड़ित परिवार के लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी की गुहार लगाई है. परिजनों का कहना है कि चोरी की घटना में उन्हें काफी नुकसान हुआ है. ऐसे में पुलिस जल्द से जल्द मामले का खुलासा कर सामान बरामद करे.
घटना को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को गंभीरता से जांच कर चोरी की घटना का पर्दाफाश करना चाहिए, ताकि आरोपितों की पहचान हो सके और उन्हें सजा मिले. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद से ही मामले की जांच लगातार जारी है.
यह भी पढे़ं: डीजे बजाने का विरोध करना पड़ा भारी, वृद्ध दंपती पर लाठी-रॉड से हमला
