Samastipur News: सरायरंजन थाना क्षेत्र के शेरपुर नरसारी गांव में घर के सामने डीजे बजाने और नाचने का विरोध करना एक वृद्ध दंपती और उनके स्वजनों को भारी पड़ गया. आरोप है कि विवाद का विरोध करने पर कुछ लोगों ने 65 वर्षीय महिला के साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके 70 वर्षीय पति, नाती और अन्य परिजनों पर भी लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया. घटना में कई लोग घायल हुए हैं. मामले में शांति देवी के आवेदन पर सरायरंजन थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
घर के सामने डीजे बजाकर नाचने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे शांति देवी अपने पति प्रेमलाल पासवान के साथ घर के दरवाजे पर बैठी थीं. इसी दौरान कुछ लोग डीजे बजाते हुए उनके घर के सामने पहुंचे और वहीं नाचने लगे. नाचने के दौरान आपस में गाली-गलौज और विवाद होने लगा.
आरोप है कि शांति देवी ने घर के सामने झगड़ा नहीं करने का अनुरोध किया. इसी बात से नाराज होकर देवेंद्र पासवान ने उनके बाल पकड़कर खींचा और मारपीट की.
लोहे की रॉड और पिस्तौल की बट से पीटने का आरोप
महिला के आवेदन के अनुसार, इसके बाद देवेंद्र पासवान ने अपने पुत्रों समेत अन्य लोगों को बुला लिया. आरोप है कि सभी लोग लाठी, लोहे की रॉड, खंती और अन्य हथियारों से लैस होकर पहुंचे.
पत्नी को बचाने पहुंचे प्रेमलाल पासवान पर भी कथित रूप से लोहे की रॉड और पिस्तौल की बट से सिर पर हमला किया गया. इससे उनका सिर फट गया और वह सड़क पर गिर पड़े.
नाती समेत कई लोगों पर हमला
हंगामे की आवाज सुनकर शांति देवी के नाती रौनक कुमार और विकास कुमार भी मौके पर पहुंचे. आरोप है कि रौनक कुमार के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जबकि विकास कुमार के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गयी. इस दौरान उसके हाथ में चोट लगी.
परिजनों के अनुसार, घायलों को इलाज के लिए सरायरंजन सरकारी अस्पताल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में राम कुमार को रोककर उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गयी. आरोप है कि उसके सिर पर भी लोहे की रॉड से वार किया गया.
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
घटना के बाद सभी घायलों का इलाज सरायरंजन सरकारी अस्पताल में कराया गया. शांति देवी के आवेदन पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
