समस्तीपुर: दलसिंहसराय में नल-जल योजना की टंकी फटी, दो महिलाएं घायल, मलबा गिरने से घर क्षतिग्रस्त

समस्तीपुर के दलसिंहसराय में नल-जल योजना की 10 हजार लीटर क्षमता वाली पानी टंकी फटने से दो महिलाएं घायल हो गईं. हादसे में एक घर भी क्षतिग्रस्त हो गया. स्थानीय लोगों ने पहले से रिसाव की शिकायत किए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है. पढ़ें पूरी खबर…

समस्तीपुर, दलसिंहसराय से कुणाल गुप्ता की रिपोर्ट

Samastipur News: दलसिंहसराय नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-24 में गुरुवार दोपहर नल-जल योजना के तहत स्थापित 10 हजार लीटर क्षमता की पानी टंकी फट जाने से दो महिलाएं घायल हो गईं. हादसे में टंकी के समीप स्थित एक घर भी क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

अचानक फटी पानी की टंकी

घटना अनुमंडल अस्पताल रोड स्थित वार्ड संख्या-24 की है. स्थानीय लोगों के अनुसार नल-जल योजना के तहत वहां दो पानी टंकियां स्थापित हैं. इनमें से एक टंकी कई महीनों से रिसाव कर रही थी. गुरुवार को पानी भरने के दौरान अचानक टंकी फट गई, जिससे तेज आवाज के साथ पानी और मलबा चारों ओर फैल गया.

दो महिलाएं हुईं घायल

हादसे में वार्ड संख्या-24 निवासी चम्पा देवी की पुत्री तथा मिथलेश पासवान की पत्नी नीतू देवी (40) और टंकी के ऑपरेटर नवल पासवान की पत्नी रीता देवी (30) घायल हो गईं. दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.

मलबा गिरने से घर हुआ क्षतिग्रस्त

टंकी फटने के बाद निकले मलबे और पानी के दबाव से समीप स्थित चदरा का घर क्षतिग्रस्त हो गया. घर के एक हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.

कई बार की गई थी शिकायत

स्थानीय लोगों ने बताया कि रिसाव की समस्या को लेकर वार्ड सदस्य रूपा कुमारी और टंकी ऑपरेटर नवल पासवान द्वारा कई बार नगर प्रशासन और जल आपूर्ति विभाग को सूचना दी गई थी. इसके बावजूद समय पर मरम्मत नहीं कराई गई.

कार्रवाई और मुआवजे की मांग

वार्ड सदस्य रूपा कुमारी ने कहा कि समय पर मरम्मत नहीं होने और विभागीय लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है. उन्होंने संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >