समस्तीपुर में बुलेट और साइकिल की भीषण टक्कर, राजमिस्त्री समेत दो युवकों की दर्दनाक मौत

बिहार के रोसड़ा में बुलेट और साइकिल की जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम किया। पुलिस जांच में जुटी है।

Samastipur Bullet Accident: समस्तीपुर जिले के रोसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत जहांगीरपुर उत्तर पंचायत के गेहूंमाना गांव के समीप गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बुलेट मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में साइकिल सवार राजमिस्त्री और बुलेट पर पीछे बैठे मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

Road Accident: गेहूंमाना गांव के पास रात 9 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मुरादपुर निवासी पूर्व चौकीदार के पुत्र व सीआरपीएफ जवान महेश पासवान अपनी बुलेट से करियन गांव निवासी मजदूर विक्की कुमार (35) को साथ लेकर जा रहे थे. रात करीब नौ बजे गेहूंमाना गांव के निकट सामने से साइकिल पर आ रहे राजमिस्त्री डब्लू साह (24) की बुलेट से भीषण टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी लोग छिटककर सड़क पर जा गिरे और लहूलुहान हो गए.

अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों ने तोड़ा दम

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण डब्लू साह और विक्की कुमार ने दम तोड़ दिया. बताया गया है कि विक्की जवान के यहां मजदूरी करता था और बुलेट की अनियंत्रित गति के कारण यह हादसा हुआ.

मुआवजे की मांग को लेकर दो जगहों पर सड़क जाम

शुक्रवार सुबह मौत की खबर फैलते ही ग्रामीण और परिजन आक्रोशित हो उठे. गुस्साए लोगों ने करियन और एरौत गांव के पास दो अलग-अलग जगहों पर बांस-बल्ले लगाकर मुख्य मार्ग जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, जिससे कई घंटों तक आवागमन ठप रहा.

प्रशासनिक आश्वासन और मुआवजे के बाद हटा जाम

सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और तात्कालिक राहत के तौर पर मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपये का चेक प्रदान किया. थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में अग्रिम जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें... मोतिहारी से लापता तीन नाबालिग लड़कियां सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन से बरामद, मुंबई जाने की थी तैयारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >