रोसड़ा में खाद की कालाबाजारी पर हंगामा, जांच के लिए सर्वदलीय कमेटी गठित

रोसड़ा में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक में खाद की कालाबाजारी पर जमकर हंगामा हुआ। अब खाद दुकानों की जांच के लिए सर्वदलीय कमेटी का गठन किया जाएगा।

Rosera Fertilizer Meeting: रोसड़ा के किसान भवन में शुक्रवार को प्रखंड उर्वरक निगरानी समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख उषा देवी की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में उर्वरक की उपलब्धता, निर्धारित मूल्य पर बिक्री और किसानों की समस्याओं को लेकर जमकर हंगामा हुआ. अंत में खाद दुकानों की जांच के लिए सर्वदलीय जांच कमेटी गठित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.

खुदरा विक्रेताओं ने उठाया अधिक भाड़े का मुद्दा

बैठक में खुदरा उर्वरक विक्रेताओं ने थोक विक्रेताओं से खाद लाने में अधिक भाड़ा लगने की शिकायत की. इस पर किसान नेता अनिल महतो ने लिखित शिकायत देने को कहा, लेकिन कोई भी विक्रेता लिखित आवेदन देने के लिए आगे नहीं आया.

प्रखंड कृषि पदाधिकारी राज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता है और किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित मूल्य पर ही खाद मिलनी चाहिए. अधिक कीमत वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

निर्धारित मूल्य से अधिक पर बिक रही यूरिया

बैठक के दौरान एक उर्वरक विक्रेता ने स्वीकार किया कि यूरिया 330 से 340 रुपये प्रति बोरा तक बेची जा रही है. इस पर समिति के सदस्यों ने कड़ा विरोध जताते हुए निर्धारित मूल्य पर बिक्री सुनिश्चित कराने की मांग की.

किसानों ने आरोप लगाया कि कई दुकानदार यूरिया के साथ अन्य उर्वरक खरीदने के लिए बाध्य करते हैं. अतिरिक्त उर्वरक नहीं खरीदने पर यूरिया देने में आनाकानी की जाती है.

सर्वदलीय कमेटी करेगी खाद दुकानों की जांच

मुख्य अतिथि एवं विधायक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि थोक उर्वरक विक्रेता स्वयं खुदरा दुकानों तक खाद पहुंचाने की व्यवस्था करें. उन्होंने इस मुद्दे को कृषि मंत्री के समक्ष उठाने और वरीय अधिकारियों को अवगत कराने का आश्वासन दिया.

बैठक के अंत में सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को शामिल कर खाद दुकानों की जांच के लिए सर्वदलीय कमेटी गठित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया.

बैठक में आत्मा अध्यक्ष गणेश सिंह, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष प्रवीण यादव, 20 सूत्री अध्यक्ष नुनु झा, बीडीओ ममता कुमारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी राज कुमार, प्रखंड उद्यान पदाधिकारी दीपक कुमार चौधरी, किसान नेता, उर्वरक विक्रेता तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >