Samastipur News:छठी मैया की आराधना में डूबा बिथान प्रखंड

खंड क्षेत्र में सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व अपने दूसरे दिन खरना के साथ और अधिक श्रद्धा, भक्ति तथा उल्लास के माहौल में प्रवेश कर रहा है.

Samastipur News:बिथान: प्रखंड क्षेत्र में सूर्य उपासना का चार दिवसीय छठ महापर्व अपने दूसरे दिन खरना के साथ और अधिक श्रद्धा, भक्ति तथा उल्लास के माहौल में प्रवेश कर रहा है. शनिवार को व्रती महिलाओं ने नहाय-खाय कर व्रत की शुरुआत की थी. वहीं आज पूरे क्षेत्र में खरना के प्रसाद की तैयारी सभी व्रती करेंगी. बिथान बाजार, चंदौली, सिरसिया, कटौसी, खैराकोट, नरपा, सखवा समेत सभी पंचायतों में व्रती महिलाएं दिनभर गुड़-दूध की खीर, रोटी, ठेकुआ, पुरुकिया जैसे पारंपरिक व्यंजन बनाने में जुटेंगी. मिट्टी के चूल्हे बनाए गए हैं. गेहूं धोकर धूप में सुखाया जा रहा है. छठ व्रत में शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है, इसलिए व्रती स्वयं सभी तैयारियों में पूर्ण सावधानी बरत रही है. व्रती ज्योति देवी और आशा देवी बताती हैं, छठी मैया की पूजा में शुद्धता ही सबसे बड़ी आस्था है. हमने स्वयं गेहूं धोकर छत पर सुखाया ताकि प्रसाद पूरी तरह पवित्र रहे. यह पर्व संयम और सच्ची भक्ति का प्रतीक है. रविवार की शाम को व्रती महिलाएं खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगी. गुड़-दूध से बनी खीर और रोटी का प्रसाद लेने के बाद वे 36 घंटे का निर्जला उपवास आरंभ करेंगी, जो अगले दो दिनों तक चलेगा. सोमवार को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य और मंगलवार को उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा. छठ महापर्व सूर्य देव और षष्ठी मैया की आराधना का पर्व है, जो पवित्रता, आस्था और पारिवारिक एकता का प्रतीक माना जाता है. प्रखंड क्षेत्र के सभी घाटों और तालाबों की सफाई व सजावट जोरों पर है। चारों ओर छठी मैया के भजन और गीत गूंज रहे हैं. जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति, शांति और आनंद से सराबोर है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >