सड़क दुर्घटना समस्तीपुर: जिले के विद्यापतिनगर थाना अंतर्गत मऊ गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 122बी पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. मृतक की पहचान मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा बड़पुरा निवासी जमाहिर सदा के पुत्र सुधीर सदा के रूप में की गई है.
ससुराल से घर वापसी के दौरान हुआ हादसा
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार सुधीर सदा शेरपुर गांव स्थित अपनी ससुराल आया हुआ था. शुक्रवार को वह अपनी स्प्लेंडर बाइक से वापस अपने पैतृक गांव ब्रह्मपुरा बड़पुरा लौट रहा था.
- दुर्घटना स्थल: एनएच-122बी पर मऊ के समीप अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
- अस्पताल में मृत घोषित: स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को मिर्जापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि युवक की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी.
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की सूचना पुलिस द्वारा परिजनों को दिए जाने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. युवक की असामयिक मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है.
ये भी पढ़ें: दीक्षारंभ–2026: पूसा कृषि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों ने सीखे अभिनय और रंगमंच के गुर, कुलपति ने बढ़ाया हौसला
