Samastipur News: मोरवा प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार निराला ने गुरुवार को हरपुर भिंडी पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया. उन्होंने विभागीय मानकों के अनुरूप भोजन तैयार करने तथा विद्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने का निर्देश दिया.
चारदीवारी निर्माण में मिली गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय परिसर में बन रही चारदीवारी का भी निरीक्षण किया. जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई. साथ ही चारदीवारी की ऊंचाई केवल पांच फीट मिलने पर उन्होंने संबंधित एजेंसी को फटकार लगाते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
शिक्षण व्यवस्था और बच्चों की उपस्थिति की समीक्षा
बीडीओ ने विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन और साफ-सफाई की स्थिति की भी समीक्षा की. उन्होंने शिक्षकों से शिक्षण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने को कहा. इस दौरान उन्होंने छात्रों से भी बातचीत कर विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी ली.
गुणवत्ता सुधार पर दिया जोर
अरुण कुमार निराला ने कहा कि स्वच्छ वातावरण और गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन से बच्चों के स्वास्थ्य और पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सभी व्यवस्थाएं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.
