सेना के जवान के बंद मकान में लाखों की चोरी, CCTV का DVR भी ले गए चोर

समस्तीपुर में सेना के जवान के घर हुई लाखों की चोरी ने सबको चौंका दिया है. चोरों ने नकदी, सोने-चांदी के जेवर, एलईडी टीवी और जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी पार कर दिए. घटना के साक्ष्य मिटाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर और हार्ड डिस्क भी ले जाना नहीं भूले.

Samastipur News: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लगुनियां सूर्यकंठ मोहल्ला वार्ड संख्या-37 स्थित संत कबीर कॉलेज रोड में भारतीय सेना के एक जवान के बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान समेत लाखों रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. बदमाश जाते-जाते मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर डीवीआर और हार्ड डिस्क अपने साथ ले गए, ताकि घटना के साक्ष्य मिटाए जा सकें.

नकदी, जेवर, एलईडी और जमीन के दस्तावेज भी चोरी

घटना की जानकारी रविवार सुबह मिलने पर गृहस्वामी के पिता देव नारायण सहनी ने मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी.

परिजनों के अनुसार मकान मालिक नमन जी भारतीय सेना में कार्यरत हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में है. वे हाल ही में अवकाश पर घर आए थे और 9 जुलाई को वापस ड्यूटी पर लौट गए. इसके बाद नया मकान बंद था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य करीब 100 मीटर दूर स्थित पैतृक घर में रह रहे थे.

रविवार सुबह परिजनों ने मकान की छत का ग्रिल खुला देखा. अंदर जाकर जांच करने पर सभी कमरों के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा हुआ था. शिकायत के अनुसार चोर एक लाख रुपये नकद, 55 इंच की एलईडी टीवी, होम थिएटर, करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 10 कीमती साड़ियां, जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और पीतल के बर्तन चोरी कर ले गए.

पांच वर्षों में पांचवीं बार चोरी

देव नारायण सहनी ने बताया कि पिछले पांच-छह वर्षों में उनके इस मकान को चोर पांचवीं बार निशाना बना चुके हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परिवार में दहशत और नाराजगी का माहौल है.

पुलिस ने शुरू की जांच

मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी गई है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >