Pusa News: बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य तुफैल अहमद खान ने रविवार को पूसा प्रखंड के मालपुर बिरौली स्थित दलित एवं महादलित बस्ती का दौरा कर लोगों का हालचाल जाना. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान का भरोसा दिलाया.
बाबा साहेब अंबेडकर के आदर्शों पर चलने का आह्वान
बैठक को संबोधित करते हुए तुफैल अहमद खान ने कहा कि देश का संविधान बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की अमूल्य देन है. उन्होंने कहा कि सभी लोगों को बाबा साहेब के आदर्शों और उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए.
दलित-महादलित बस्ती की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा प्रदेश नेता मोहम्मद फैसल ने कहा कि मालपुर बिरौली की दलित एवं महादलित बस्ती में कई मूलभूत समस्याएं सामने आई हैं. इन सभी समस्याओं को जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल हो सके.
मुख्य अतिथि का किया गया सम्मान
बैठक के दौरान बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य तुफैल अहमद खान को अंगवस्त्र एवं सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सुनील कुमार सिंह ने किया.
इस अवसर पर भाजपा नेता हारून जोहर, बद्री पासवान, मिश्रीलाल पासवान, चंदन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, विक्रम कुमार, एस.एम. सिद्दीकी, लक्ष्मी पासवान, अमरजीत पासवान, जितेंद्र यादव सहित कई लोग उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: आम की तुड़ाई के बाद वैज्ञानिक तरीके से करें बाग का प्रबंधन, कृषि वैज्ञानिक ने दिए सुझाव
