Samstipur : भोलेनाथ के दर्शन के बाद बाजार में उमड़ा जनसैलाब

प्रखंड क्षेत्र में साल 2026 का आगाज नगर पंचायत के बाजारों से लेकर प्रखंड के दूर-दराज के गांवों तक में जबरदस्त उमंग और उत्साह के साथ हुआ.

सिंघिया . प्रखंड क्षेत्र में साल 2026 का आगाज नगर पंचायत के बाजारों से लेकर प्रखंड के दूर-दराज के गांवों तक में जबरदस्त उमंग और उत्साह के साथ हुआ. कड़ाके की ठंड के बीच सुबह करीब 9 बजे भगवान भास्कर (सूर्यदेव) के उदय होते ही मौसम सुहाना हो गया. लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. नये साल की शुरुआत लोगों ने धार्मिक आस्था के साथ की. सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा. श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के मंदिरों में जाकर जल चढ़ाया. अपने परिवार व क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली का आशीर्वाद मांगा. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयघोष से गूंज उठे. धार्मिक अनुष्ठानों के बाद लोगों का रुख बाजारों की ओर हो गया. नगर के चौक-चौराहों और हाट-बाजारों में अचानक भीड़ बढ़ गई. नव वर्ष के जश्न में डूबे लोगों ने जमकर खरीदारी की. सबसे दिलचस्प नजारा मांस और मछली की दुकानों पर देखने को मिला, जहां ग्राहकों की लंबी कतारें लगी थी. रिकॉर्ड तोड़ बिक्री को देखकर दुकानदार और आम राहगीर भी दंग रह गये. कुल मिलाकर नये साल का पहला दिन आस्था, उल्लास और मस्ती के संगम के रूप में मनाया गया. जिसने पूरे क्षेत्र को एक सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Krishan mohan pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >