दलसिंहसराय : एनएच 28 स्थित बसढ़िया चौक के समीप गुरुवार की सुबह अनियंत्रित होकर प्याज लदी ट्रक सड़क किनारे बरगद पेड़ से टकरा गया. इससे ट्रक केबिन के भीतर ही चालक की मौत हो गयी.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किरान की मदद से ट्रक को खींचकर मृत चालक के फंसे शव को बाहर निकाला. साथ ही उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
मृत चालक नवादा जिले के पुरहिणीया गोविंदपुर निवासी कारी यादव का पुत्र शैलेंद्र कुमार (24) बताया जाता है.वहीं घटना में खलासी के बाल बाल बचने की बात बतायी जाती है. जानकारी के अनुसार उक्त ट्रक बिहार शरीफ से पूर्णिया जा रहा था. इसी क्रम में घटना स्थल के समीप चालक के नियंत्रण खो देने से ट्रक असंतुलित होकर सड़क किनारे बरगद पेड़ से टकरा कर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी.
उजियारपुर : अंगारघाट थाना क्षेत्र के हरपुर रेवाड़ी पंचायत के समथू गांव में बुधवार की रात बोलेरो की ठोकर से एक बच्चे की मौत हो गयी.
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब नौ बजे समथू गांव के मो. साबिर के पुत्र मो. सैयाद (11) को सड़क पार करने के क्रम में बोलेरो ने ठोकर मार दी. इससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं चालक गाड़ी छोड़कर भागने में सफल रहा. घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर समथू रेबाड़ी पथ को जाम कर दिया. जाम करीब तीन घंटे तक रहा.
सूचना पर पहुंचे अंगारघाट थाने के अवर निरीक्षक भुवनेश्वर सिंह व बीडीओ संजीव कुमार ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया एवं बीडीओ ने 20 हजार रुपये का चेक दिया. इसके बाद जाम समाप्त हो सका. पुलिस मामले की अग्रेतर कार्रवाई में जुट गयी है. इधर, एनएच 28 स्थित जनकपुर गांव के निकट दलसिंहसराय की ओर से एक ही बाइक पर सवार होकर आ रहे दो लोगों को पीछे से आ रही कंटेनर ने ठोकर मार दिया. इससे बाइक पर पीछे बैठे बेगूसराय जिला के मंसूरचक थाना के विष्णुदेव चौधरी के पुत्र प्रमोद चौधरी की मौत हो गयी.
जबकि बाइक चालक फुलबरिया बरौनी निवासी रवि कुमार घायल हो गया. उसका उपचार स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है. मौके पर पहुंचे अवर निरीक्षक रामाशीष राय ने बाइक व कंटेनर को जब्त कर दिया है. कंटेनर का चालक भागने में सफल रहा.
ट्रेन से कटकर युवक की मौत
उजियारपुर . समस्तीपुर रोसड़ा रेल पथ के भगवानपुर देसुआ रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से देसुआ निवासी मुन्ना राय की मौत हो गयी.
सड़क दुर्घटना में तीन घायल
पूसा : थाना क्षेत्र के मोहमदपुर देवपार गावं में बुद्धवार को देर शाम भूमि विवाद में चहारदीवारी बनाने को लेकर हुई मारपीट में बलहा निवासी बैजनंदन ठाकुर जख्मी हो गये. इसमें एक अज्ञात सहित चार को नामजद किया है. आरोपियों में गांव के ही महेश करजी, राजेश करजी, रोहन करजी एवं बिन्देश्वर सिंह शामिल हैं. थानाध्यक्ष शैलेश कुमार झा ने कहा की प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. वारिसनगर : समस्तीपुर-दरभंगा पथ में मुक्तापुर गुमटी के समीप बुधवार की देर संध्या हुए सड़क दुर्घटना तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये.
घटनास्थल से प्राप्त समाचार के अनुसार वारिसनगर के मनियारपुर निवासी सुरेश पोद्दार व छोटू साह मोटरसाइकिल से घर आ रहे थे कि मुक्तापुर गुमटी के समीप पीछे से किसी अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया व फरार हो गया. मोटरसाइकिल में ठोकर लगने के बाद यह आगे चल रहे साइकिल से टकरा गये. तीनों को गंभीरावस्था में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें पटना रेफर कर दिया गया है.
