समस्तीपुर : निर्वाचन विभाग ने निर्वाचकों को सुलभ ढंग से रंगीन मतदाता फोटो पहचान पत्र उपलब्ध कराने के लिए स्थापित किये गये कॉमन सर्विस सेंटर को अब कई नयी सुविधाएं भी प्रदान की है. उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. सुहैल ने बताया कि कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से कुछ सेवाओं को सुलभ रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश विभाग के द्वारा प्राप्त हुआ है.
पूर्व में समाहरणालय परिसर स्थित कॉमन सर्विस सेंटर में निर्वाचकों को सिर्फ कलर इपिक प्रदान किया जाता था. इस इपिक को प्राप्त करने के लिए मतदाताओं को पूर्व में बने मूल इपिक को जमा कर 30 रुपये देकर नया रंगीन इपिक प्रदान करने की सुविधा थी. लेकिन, अब इसमें वैसे निर्वाचकों को भी इपिक दिया जायेगा, जिनका मतदाता सूची में नाम है लेकिन, इपिक आज तक उन्हें इपिक नहीं मिल सका है अथवा खो या नष्ट हो गया हो.
जिला मुख्यालय में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर का जिम्मा फस्र्ट प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया है. जिन निर्वाचकों का इपिक खो गया है या अप्राप्त है उन्हें कॉमन सर्विस सेंटर में उपस्थित कर्मी को लिखित घोषणा पत्र उक्त आशय से संबंधित देना होगा. इधर, आयोग ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र भेज सेंटर का समय समय पर निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया है. ताकि निर्वाचकों को पारदर्शिता के साथ साथ आयोग के दिशा निर्देश के आलोक में सुविधा प्रदान की जा सके.
