शिवाजीनगर (समस्तीपुर) : शिवाजीनगर ओपी के शिवराम पुरनदाही टोले में रंगदारी मांगने पांच युवक पहुंचे. इनमें से दो भीड़ के हत्थे चढ़ गये, जिसने दोनों की जम कर पिटाई कर दी. इससे गोपाल सिंह नाम के युवक की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि मोहन सिंह नाम का युवक गंभीर रूप से जख्मी है, जिसका इलाज स्थानीय पीएचसी में चल रहा है.
ग्रामीणों का कहना है, उक्त लोग टोले के विभिन्न घरों में रंगदारी की मांग कर रहे थे, जब उक्त लोगों ने मना किया, तो युवकों ने महिलाओं के साथ बदसलूकी शुरू कर दी. इसी दौरान दो युवकों को पकड़ लिया गया और उनकी पिटाई कर दी गयी, जबकि तीन युवक मौके से भागने में सफल रहे. पिटाई से मरे गोपाल सिंह की पहचान सिंघिया थाना क्षेत्र के माहे गांव निवासी के रूप में की गयी है, जबकि मोहन सिंह को सिंघिया थाने के सिबैया गांव का रहनेवाला बताया गया है.
ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार की रात नौ बजे दो बाइक पर सवार होकर पांच लोग पहुंचे. इन्होंने शिवराम पुरनदाही टोले के राम जीवन दास, सुरेश दास, जालिम दास, ललित दास के अलावा कई और घरों में गये. ये लोग रंगदारी की मांग करने लगे. ग्रामीणों ने जब पैसे देने में असहमति जतायी, तो युवकों ने इनके साथ मारपीट शुरू कर दी. महिलाओं के साथ बदसलूकी की कोशिश की.
जब युवकों ने महिलाओं के साथ बदसलूकी की, तो कुछ महिलाओं ने साहस का परिचय दिया और एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी. इसी बीच शोर होने पर मोहल्ले के कुछ लोग मौके पर पहुंच गये. इन लोगों को देख कर तीन युवकों तो मौके से भाग गये, लेकिन दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी.
इसी बीच गांव के किसी व्यक्ति पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस जब तक मौके पर पहुंचती, तब तक ग्रामीण दोनों युवकों की जम कर पिटाई कर चुके थे. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने गंभीर हालत में दोनों युवकों को शिवाजीनगर पीएचसी में भरती कराया, जहां गोपाल नाम के युवक की रात 11.45 बजे मौत हो गयी, जबकि मोहन सिंह नाम के युवक का इलाज चल रहा है.
घटना को लेकर सुरेश दास की पत्नी कृष्णा देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें गोपाल सिंह, मोहन सिंह को नामजद किया गया है, जबकि तीन अन्य को भी आरोपित बनाया गया है. प्राथमिकी में कहा गया है, उक्त युवक रंगदारी मांगने आये थे. इस दौरान महिलाओं के साथ बदसलूकी कर रहे थे. इसी दौरान मौके पर जुटी भीड़ ने इनकी पिटाई कर दी. इसमें गोपाल सिंह नाम के युवक की मौत हो गयी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन जिस तरह से पूरा घटनाक्रम हुआ है. उसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
