समस्तीपुर : शहर के ताजपुर रोड से गत 29 जनवरी को लापता स्कॉर्पियो चालक पंकज कुमार की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. घटना में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से एक नाइन एमएम पिस्टल, दो कट्टा, तीन कारतूस
व तीन मोबाइल बरामद किया गया
है. एसपी सुरेश प्रसाद चौधरी ने बताया, दोनों को मोबाइल सर्विलांस के आधार पर पकड़ा गया है. घटना में शामिल दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों की
पहचान सिंघिया थाना के बहादुरा निवासी मो. मुन्ना उर्फ मो. मुख्तार व अगरौल निवासी रमन कुमार सिंह के रूप में की गयी है. पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. एसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों पर पूर्व से हत्या व लूट जैसे कई मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं.
मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में सिंघिया थानाध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद रवि, डीआइयू टीम के अलावा एसआइ मनोज कुमार, सेक्टर मोबाइल दिलीप, विनय, नवलेश व मकसूद शामिल थे. एसपी ने इन पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कही है.
इन कांडों में
आरोपित हैं दोनों
सिंघिया थानाकांड संख्या 37/08 हत्या से संबंधित
हसनपुर थाना कांड संख्या 70/14 घर में घुसकर चोरी
रोसड़ा थाना कांड संख्या 274/13 लूट से संबंधित
दरभंगा के मब्बी में सिलिंडर लूट मामले में भी वांछित
