Samastipur Railway News: पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत सोनपुर मंडल के विभिन्न महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों और एक्सप्रेस व पैसेंजर ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ व्यापक स्तर पर विशेष मेगा टिकट जांच अभियान चलाया गया. इस सघन अभियान से बेटिकट यात्रा करने वाले मुसाफिरों और अनाधिकृत रूप से आरक्षित डिब्बों में घुसने वाले यात्रियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा. समस्तीपुर व सोनपुर रेल मंडल के प्रमुख मार्गों पर संचालित इस संयुक्त जांच में वाणिज्य विभाग, टिकट जांच कर्मियों (टीटीई) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने एक साथ मोर्चा संभाला.
1888 बेटिकट और अनियमित यात्री धराए
विशेष चेकिंग अभियान के दौरान स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वारों, प्लेटफॉर्मों, फुट ओवरब्रिजों और ट्रेनों के विभिन्न कोचों में सघन जांच की गई. जांच टीमों ने बिना टिकट यात्रा करने वाले, अनियमित व रियायती टिकट का अनुचित लाभ लेने वाले और बिना वैध पहचान पत्र या उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले कुल 1,888 यात्रियों को पकड़ा. टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक यात्री के खिलाफ रेलवे अधिनियम के सुसंगत प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की और ऑन-द-स्पॉट चालान काटा.
जुर्माने के रूप में वसूले गए 16.54 लाख रुपये
कार्रवाई के दौरान पकड़े गए 1888 यात्रियों से जुर्माने और उचित किराये के रूप में कुल 16 लाख 54 हजार 710 रुपये का रेल राजस्व वसूल किया गया. कई यात्रियों ने जुर्माना देने में आनाकानी की, जिन्हें आरपीएफ की मदद से सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई, जिसके बाद उन्होंने निर्धारित दंड राशि का भुगतान किया. रेलवे अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अनाधिकृत यात्रियों की वजह से वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले आम यात्रियों को भारी असुविधा और भीड़भाड़ का सामना करना पड़ता है, जिस पर रोक लगाना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
वैध टिकट लेकर ही यात्रा करने की रेलवे ने की अपील
इस व्यापक अभियान के बाद रेल प्रशासन ने सभी रेल उपभोक्ताओं और यात्रियों से विनम्र अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले हमेशा वैध यात्रा टिकट अवश्य खरीदें. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रेलवे के नियमों का पूरी तरह पालन करें और बिना टिकट अथवा अनियमित टिकट के यात्रा करने से बचें. रेल प्रशासन ने दोहराया है कि बिना टिकट यात्रा करना कानूनन दंडनीय अपराध है और भविष्य में भी सोनपुर मंडल के तमाम स्टेशनों और ट्रेनों में औचक मेगा टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें... समस्तीपुर के कल्याणपुर में पिकअप और ऑटो की टक्कर, महिला की मौत, तीन अन्य घायल
