समस्तीपुर : मौसम का मिजाज फिर बदलेगा. 24-25 दिसंबर को बूंदाबांदी की संभावना बन रही है. कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी हो सकती है. यह संकेत डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा स्थित मौसम विभाग से मिला है. आगामी 25 दिसंबर तक के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि आसमान में हल्के बादल छाये रह सकते हैं. मध्यम गरज वाले बादल भी बनेंगे. 24 दिसंबर के सुबह तक मौसम के आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना जतायी गयी है.
24-25 दिसंबर को बूंदाबांदी होगी. कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी हो सकती है. नोडल पदाधिकारी डा. ए. सत्तार का बताना है कि इस अवधि में अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
औसतन 10 से 15 किलो मीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चलने की संभावना है. पूर्वानुमानित अवधि में सर्द वाली पछिया हवा चलने से ठंढ़ व कनकनी बरकरार रहने का अनुमान है. रात एवं सुबह में हल्के से मध्यम कुहासे छा सकते हैं. वर्षा की संभावना को देखते हुए कृषि कार्यों में सावधानी बरतने का सुझाव दिया गया है.
गेहूं की पिछात किस्मों की बुआई 25 दिसंबर से पहले संपन्न कर लें. आलू में नियमित रुप से झुलसा रोग की निगरानी करने की हिदायत दी गयी. शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा. यह सामान्य से 5.4 डिग्री कम है. इसी तरह न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस है. यह सामान्य से 0.4 डिग्री नीचे है.
