सरायरंजन : थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग गांव में गुरुवार को पूर्व के विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीटकर उसे जबरन जहर पिलाकर हत्या कर दी गयी़ महिला के परिजनों ने बेहोशी की अवस्था में महिला को इलाज के लिए खालिसपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
उसके बाद परिजनों ने घटना की सूचना सरायरंजन पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया. मृतका की पहचान गांव के ही रामप्रीत सहनी की पत्नी रिंकू देवी (23) के रूप में की गई है.
घटना के संबंध में मृतका के पति रामप्रीत सहनी ने थाना में आवेदन देकर कहा है कि वह अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए घर से बाहर पंजाब चला जाता था, तो उसकी पत्नी रिंकू देवी के साथ गांव के ही कतिपय लोग मारपीट करते थे. वहीं गुरुवार को भी घर में अकेली देखकर करीब 11:30 बजे कतिपय लोगों ने उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर जबरन जहर पिलाकर हत्या कर दी है.
मृतिका के पति का कहना है कि पूर्व के विवाद को लेकर पंचायत में कई बार पंचायत की हुई, लेकिन उचित न्याय उन्हें नहीं मिल सका. गुरुवार को आरोपित पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर महिला को अकेला देखकर आरोपितों ने इस घटना को अंजाम दिया़ थाना में दिये आवेदन में गांव के ही लालबहादुर सहनी सहित तीन लोगों को नामजद किया गया है़ थानाध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.
