समस्तीपुर : जिले के खानपुर गांव में सोमवार की रात भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने दो सहोदर भाइयों पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया़ इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
जख्मियों की पहचान खानपुर के उपेंद्र सदा के पुत्र रामू सदा एवं शत्रोहन सदा के रूप में की गयी है़ परिजनों ने तत्काल उसे इलाज के लिए खानपुर पीएचसी में भर्ती कराया. जहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया़ बाद में देर रात दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक डॉ़ उमाशंकर सिंह ने जख्मियों का प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया़ इसमें रामू सदा की हालत चिंताजनक बतायी जाती है. आरोपियों ने धारदार हथियार से उसके शरीर के कई हिस्सों पर वार किया है़ घटना को लेकर बताया जाता है कि उनका पड़ोसियों के साथ विवाद चल रहा था.
इसी को लेकर सोमवार की रात मारपीट शुरू हो गयी. दूसरे पक्ष के लोगों ने हंसुआ नुमा हथियार से रामू के गर्दन, बांह, चेहरा एवं कंधा आदि जगहों पर वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया़ समाचार लिखे जाने तक इस घटना को लेकर किसी पक्ष के द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी.
उधर, दूसरी ओर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सोनवर्षा चौक के समीप एक शादी समारोह में हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी युवक की पहचान पूसा थाना क्षेत्र के मलिकौर निवासी अमोद राय के पुत्र राजदीप कुमार के रूप में की गयी है. परिजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है.
