पटुआहा में सड़क हादसा में मां की गयी जान, साथ चल रही मासूम बेटी बाल-बाल बची
सहरसा. सदर थाना क्षेत्र के पटुआहा में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि महिला वाहन के साथ कई फीट तक घिसटती चली गयी, हालांकि उसके साथ चल रही मासूम बेटी की जान बाल-बाल बच गयी. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका की पहचान पटुआहा वार्ड 24 निवासी मालती कुमारी (25) पति बौआ राम के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
बेटी के साथ टहलने निकली थी महिला
मृतका के पति बौआ राम ने पुलिस को दिए फर्द बयान में बताया कि सोमवार सुबह करीब 4:55 बजे उनकी पत्नी मालती कुमारी अपनी छोटी बेटी रिया कुमारी के साथ सड़क किनारे टहलने निकली थी. इसी दौरान शंकर टाटा मोटर्स के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक इनोवा कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. हालांकि तब तक काफी देर हो चुकी थी. चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है.
60 से 70 फीट तक घसीटती रही कार
पटुआहा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मुकेश कुमार झा ने बताया कि मालती कुमारी प्रतिदिन की तरह सुबह अपने छोटे बच्चे के साथ टहलने निकली थी. उन्होंने कहा कि यदि समय रहते बच्ची का हाथ छूट नहीं जाता तो वह भी हादसे की शिकार हो सकती थी. उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार इनोवा कार ने महिला को कमर के पास टक्कर मारी और करीब 60 से 70 फीट तक घसीटते हुए ले गयी. हादसा इतना गंभीर था कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
डिवाइडर और स्पीड कंट्रोल की उठी मांग
मुकेश कुमार झा ने दुर्घटना के लिए सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि पटुआहा के समीप आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक वहां डिवाइडर या स्पीड कंट्रोल की समुचित व्यवस्था नहीं की गयी है. उन्होंने प्रशासन और सरकार से दुर्घटनास्थल पर अविलंब डिवाइडर निर्माण तथा प्रभावी यातायात नियंत्रण उपाय लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके.
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दुर्घटना में शामिल वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.