शराब तस्करों के खिलाफ नंदलाली के ग्रामीणों ने छेड़ा अभियान
सत्तरकटैया. बिहरा थाना क्षेत्र के नंदलाली गांव में सोमवार को ग्रामीणों ने बैठक आयोजित कर नशा मुक्ति अभियान चलाने का निर्णय लिया. नगर निगम वार्ड एक के पार्षद अंजय कुमार की अध्यक्षता एवं खेमस नेता विक्की राम के संचालन में आयोजित बैठक में बिहरा पुलिस को भी आमंत्रित किया गया था. पार्षद अंजय कुमार ने कहा कि बिहरा क्षेत्र में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू रहने के बावजूद नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री बंद नहीं हुई है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है. खेमस नेता विक्की राम ने कहा कि सूखे नशे का प्रचलन बढ़ने से बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रबुद्ध नागरिकों को सजग होना होगा. बैठक में मौजूद थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यर्थी ने ग्रामीणों की पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस इस अभियान में हरसंभव सहयोग करेगी. उन्होंने ग्रामीणों से नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री करने वालों की पहचान कर पुलिस को सूचना देने की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस एक कॉल पर कार्रवाई के लिए तैयार रहेगी.थानाध्यक्ष ने कहा कि हर व्यक्ति के अंदर पुलिसिंग की भावना विकसित होनी चाहिए. उन्होंने ग्रामीणों से एक टीम गठित कर कारोबारियों की पहचान करने तथा संदिग्ध गतिविधियों का वीडियो बनाकर पुलिस को उपलब्ध कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि कानून साक्ष्य मांगता है और संगठन में ही शक्ति होती है. उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह हृदय, किडनी और लीवर को नुकसान पहुंचाता है तथा परिवार में अशांति का कारण बनता है. उन्होंने कहा कि यह अभियान कठिन जरूर है, लेकिन सामूहिक प्रयास से सफलता अवश्य मिलेगी. बैठक में पूर्व सरपंच जगदीश यादव, कुमोद यादव, बुच्चन यादव, राजेश यादव, लाल यादव, बिजेंद्र यादव, रमेश यादव, अजित यादव, प्रकाश यादव, पवन यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक सत्यनारायण यादव, विष्णुदेव यादव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे.
