25 हजार का इनामी दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

25 हजार का इनामी दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार में छापेमारी, एसपी हिमांशु ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी सहरसा. जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सहरसा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. 25 हजार का इनामी दो कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया. जिसमें से एक दीपक कुमार उर्फ दीपक यादव को सदर थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित एक किराये के कमरे से गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से अवैध हथियार व अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया है. पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि फरार एवं वांछित अपराधी दीपक कुमार नया बाजार में ठहरा हुआ है. सूचना के सत्यापन के बाद सदर थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम गठित कर सुनियोजित ढंग से छापेमारी की गयी. कार्रवाई के दौरान आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी के क्रम में उसके पास से दो कट्टा, एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन, आठ गोली, डिक्की तोड़ने के दो नुकीले औजार तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. बरामद सामान को विधिवत जब्त कर लिया गया है. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी कई गंभीर मामलों में फरार चल रहा था तथा उस पर 25 हजार का इनाम घोषित था. वह कुल सात मामलों में वांछित है. इनमें आर्म्स एक्ट, लूटपाट एवं अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं. उसकी गिरफ्तारी से जिले में विधि-व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं लंबित मामलों के उद्भेदन में महत्वपूर्ण सफलता मिली है. इस कार्रवाई में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक सह साइबर थानाध्यक्ष अजीत कुमार, पुनि सह सदर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार, पुअनि जितेंद्र ठाकुर, परिपुअनि रूपा कुमारी, एसटीएफ टीम एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. कहरा कुटी से पकड़ाया अपराधी सुमन साह जिला पुलिस द्वारा हत्या, डकैती आर्म्स एक्ट,व विधि व्यवस्था भंग करने के मामले में फरार 25 हजार का इनामी वांछित कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया गया. 25 हजार का इनामी कहरा कुटी वार्ड नंबर 11 निवासी सुमन साह, पिता शंकर साह को सदर पुलिस ने कट्टा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया. बुधवार को प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण, फरार एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तथा अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत मंगलवार को सदर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि 25 हजार का इनामी फरार अपराधी सुमन साह उर्फ बजरंगी अपने ठिकाने कहरा कुट्टी में है. सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गयी व उनके निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला आसूचना इकाई तथा सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर कहरा कुट्टी में छापेमारी और घेराबंदी की गयी. पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुमन साह उर्फ बजरंगी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपित द्वारा किराये के मकान में अवैध हथियार रखने की बात स्वीकार की गयी. उसकी निशानदेही पर कहरा कुटी स्थित किराये के मकान में विधिवत छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान वहां से एक कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि सुमन साह कई गंभीर आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था व सदर थाने के दो कांडों में वांछित चल रहा था. सुमन साह पर सदर थाना, महिषी व सोनवर्षा थाना में कई मामला दर्ज हैं. सुमन साह पर हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट तथा विधि-व्यवस्था भंग करने जैसे गंभीर आरोप शामिल है. टीम में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, साइबर डीएसपी अजित कुमार,सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार, पुअनि सुप्रिति वर्मा, पुअनि अरुण कुमार, टीओपी 2 प्रभारी सनोज वर्मा व आसूचना इकाई के पदाधिकारी शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >