सिमरी बख्तियारपुर से लापता दो सगी नाबालिग बहनें सकुशल बरामद, पढ़ाई की इच्छा में छोड़ा था घर

बख्तियारपुर थाना क्षेत्र से लापता हुईं दो सगी नाबालिग बहनों को पुलिस ने मधेपुरा से सकुशल बरामद कर लिया है. प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि बड़ी बहन पढ़ाई जारी रखना चाहती थी, जिस कारण उसने यह कदम उठाया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद उन्हें परिवार को सौंप दिया जाएगा.

Missing Sisters Found: सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा). बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के चौधरी टोला से बीते शुक्रवार को लापता हुई दो नाबालिग सगी बहनों को पुलिस ने मंगलवार देर शाम सकुशल बरामद कर लिया. दोनों बच्चियों को मधेपुरा जिले से लाकर सिमरी बख्तियारपुर थाना में रखा गया है. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा.

मधेपुरा से सकुशल बरामद हुईं दोनों बहनें

बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने मधेपुरा जिले के आलमनगर थाना क्षेत्र के बहुरवा गांव के भीमपुर टोला वार्ड संख्या-1 से दोनों बच्चियों को सकुशल बरामद किया. इसके बाद उन्हें सिमरी बख्तियारपुर थाना लाया गया.

पढ़ाई जारी रखने की इच्छा में छोड़ा था घर

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में बड़ी बहन ने बताया कि वह आगे पढ़ाई करना चाहती थी, लेकिन उसे परिवार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने का एहसास हो रहा था. इसी कारण उसने घर छोड़ने का निर्णय लिया और अपनी छोटी बहन को भी अपने साथ लेकर निकल गई. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा दोनों बच्चियों की काउंसिलिंग भी कराई जायेगी.

राज्यरानी एक्सप्रेस से पहुंचीं सुपौल

एसडीपीओ ने बताया कि दोनों बहनें घर से निकलकर रानीबाग रेलवे ढाला होते हुए सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं. वहां से वे राज्यरानी एक्सप्रेस में सवार होकर सुपौल चली गईं. स्टेशन के आसपास अकेले घूम रही बच्चियों को देखकर धान रोपनी के लिए आए मधेपुरा जिले के कुछ मजदूरों को संदेह हुआ. उन्होंने दोनों बच्चियों को सुरक्षित रखा और उनकी पहचान जानने का प्रयास किया.

मजदूरों की सतर्कता से मिली सफलता

बातचीत के दौरान मजदूरों को पता चला कि दोनों बच्चियां सिमरी बख्तियारपुर की रहने वाली हैं. इसके बाद स्थानीय स्तर पर सूचना देने के साथ-साथ परिजनों तक खबर पहुंचाने का प्रयास किया गया. इसी बीच पुलिस को भी सूचना मिली और त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया गया.

कानूनी प्रक्रिया के बाद सौंपा जाएगा परिवार को

Missing Sisters Found: एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि दोनों बच्चियां पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके स्वास्थ्य की जांच भी कराई गई है. नियमानुसार सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि बच्चियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मामले की जांच जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >