पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत सहरसा-मानसी रेलखंड पर इन दिनों यात्रियों द्वारा लगातार वैक्यूम किए जाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं.
सहरसा-मानसी रेलखंड पर वैक्यूम की बढ़ती घटनाएं
सिमरी बख्तियारपुर. पूर्व मध्य रेलवे अंतर्गत सहरसा-मानसी रेलखंड पर इन दिनों यात्रियों द्वारा लगातार वैक्यूम किए जाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. जिससे ट्रेनों के परिचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. बार-बार हो रहे वैक्यूम के कारण ट्रेनों को बीच-बीच में रोकना पड़ता है, जिससे समय की भारी बर्बादी हो रही है और अन्य यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर यात्री अपनी सुविधा के लिए चेन पुलिंग (वैक्यूम) कर देते हैं, जबकि यह पूरी तरह नियम विरुद्ध है. इससे न केवल ट्रेन का समय बिगड़ता है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी असर पड़ता है. खासकर छोटे-छोटे स्टेशनों और आउटर सिग्नलों के पास इस तरह की घटनाएं ज्यादा सामने आ रही हैं. रेल प्रशासन लगातार यात्रियों से अपील कर रहा है कि अनावश्यक रूप से वैक्यूम न करें. इसे रोकने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है. रेलवे द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को इसके दुष्परिणामों के बारे में बताया जा रहा है, ताकि यात्री खुद जिम्मेदारी समझें और इस तरह की गतिविधियों से बचें. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि बिना किसी आपात स्थिति के वैक्यूम करने वाले यात्रियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है. रेलवे का कहना है कि सभी यात्रियों के सहयोग से ही समय पर और सुरक्षित रेल परिचालन संभव है.
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.