Saharsa Crime News: मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और नशीली दवाओं के काले कारोबार के खिलाफ सहरसा पुलिस ने एक बार फिर करारा प्रहार किया है. सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बलुआपार इलाके में छापेमारी कर एक शातिर गांजा तस्कर को रंगे हाथों धर दबोचा. पुलिस ने तस्कर के घर से आठ किलो से अधिक गांजा बरामद करने में सफलता हासिल की है. मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसडीपीओ निशिकांत भारती ने इस पूरी सफल कार्रवाई का खुलासा किया.
गुप्त सूचना पर घर की घेराबंदी, पुलिस देखते ही छिपने लगा आरोपी
एसडीपीओ निशिकांत भारती ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बलुआपार वार्ड संख्या 12 का रहने वाला मो अफरोज उद्दीन अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर उसकी खरीद-बिक्री का काला कारोबार कर रहा है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम जैसे ही आरोपी के घर के पास पहुंची, तो एक व्यक्ति पुलिस को देखते ही अचानक भागकर छिपने का प्रयास करने लगा. पुलिस बलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसे चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में उसकी पहचान मो अफरोज उद्दीन के रूप में हुई.
चौकी पर रखे थैले से मिला 8.105 किलो गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू से हुआ वजन
गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के कड़े कानूनी नियमों और गाइडलाइंस का पालन करते हुए आरोपी के पूरे घर की सघन तलाशी ली. तलाशी के दौरान कमरे में रखी एक चौकी पर मैरून और हल्के पीले रंग का एक बड़ा थैला दिखाई दिया, जिस पर 'हाफिज क्लोथ स्टोर' लिखा हुआ था. जब पुलिस ने उस थैले को खोलकर जांच की, तो उसमें से गांजा जैसा नशीला पदार्थ बरामद हुआ. मौके पर ही इलेक्ट्रॉनिक तराजू मंगाकर जब बरामद गांजे का वजन कराया गया, तो वह कुल 8.105 किलोग्राम निकला. जब पुलिस ने आरोपी से इस अवैध मादक पदार्थ के बारे में पूछताछ की, तो वह कोई भी कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका.
Saharsa Crime News: एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, सप्लायरों की कुंडली खंगालने में जुटी पुलिस
बरामद गांजे को जब्त करते हुए पुलिस ने आरोपी मो अफरोज उद्दीन को तुरंत गिरफ्तार कर लिया. इस मामले में सिमरी बख्तियारपुर थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कांड संख्या 326/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई तक जाने में जुटी है कि आखिर यह गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन लोगों को की जानी थी. इस सफल छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक जय शंकर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजा कुमार, पुनि अमरजीत कुमार और सशस्त्र बल के जवान मुस्तैदी से शामिल रहे.
