सहरसा में पिस्टल लहराते युवक का वीडियो एक माह से वायरल, कार्रवाई नहीं होने पर उठे सवाल

Saharsa News: सहरसा में सोशल मीडिया पर पिस्टल लहराते एक युवक का वीडियो पिछले एक महीने से वायरल है. पुलिस युवक की पहचान होने का दावा कर रही है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.

सत्तरकटैया (सहरसा) से लाल बहादुर की रिपोर्ट

Saharsa News: सहरसा जिले के बिहरा थाना क्षेत्र में हथियार लहराते एक युवक का वीडियो पिछले करीब एक माह से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामला पुलिस के संज्ञान में होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ रहा है.

वायरल वीडियो में एक युवक बांसबाड़ी के बीच पिस्टल जैसी वस्तु लहराते हुए दिखाई दे रहा है. वीडियो को कथित तौर पर एक अश्लील गीत के साथ संपादित कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया है. इसके अलावा वीडियो और तस्वीरों में पांच युवकों को एक साथ फोटोशूट कराते हुए भी देखा जा सकता है.

सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा वीडियो

स्थानीय लोगों के अनुसार वायरल वीडियो में संबंधित युवक दो अलग-अलग परिधानों में नजर आता है. एक तस्वीर में वह शर्ट-पैंट पहने हुए है, जबकि दूसरी तस्वीर में कोट-पैंट में दिखाई देता है. दोनों तस्वीरों में उसके हाथ में पिस्टल जैसी वस्तु साफ दिखाई दे रही है.

कोट-पैंट वाली तस्वीर किसी समारोह या कार्यक्रम स्थल की प्रतीत होती है. वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में हथियारों के प्रदर्शन और युवाओं में बढ़ती दिखावे की प्रवृत्ति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है.

कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी

ग्रामीणों और स्थानीय लोगों का कहना है कि वीडियो लंबे समय से सोशल मीडिया पर मौजूद है. इसके बावजूद अब तक युवक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. लोगों का आरोप है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं होती है तो इससे गलत संदेश जाएगा और असामाजिक तत्वों का हौसला बढ़ सकता है.

कई लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर सख्त कदम उठाने की मांग की है.

पुलिस बोली- युवक की पहचान हो चुकी है

मामले को लेकर पूछे जाने पर बिहरा थाना के थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित युवक की पहचान कर ली गई है.

उन्होंने कहा कि युवक घर छोड़कर फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और युवक की गिरफ्तारी को लेकर पूरे क्षेत्र की नजरें प्रशासन पर टिकी हुई हैं.

Also Read: पीएम मोदी और राष्ट्रपति को भेजे जाएंगे बिहार के जर्दालू आम, बिहटा के रेडिएशन सेंटर पहुंचीं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >