सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट
Saharsa News: सड़क सुरक्षा को लेकर सहरसा जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है. जिलाधिकारी दीपेश कुमार के निर्देश पर शनिवार शाम हवाई अड्डा के निकट बायपास सड़क पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. अचानक शुरू हुए इस अभियान से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया. जांच के दौरान कई लोगों पर जुर्माना लगाया गया और उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई.
हवाई अड्डा बायपास पर चला विशेष अभियान
यातायात पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की. सड़क से गुजर रहे वाहनों को रोककर उनके जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई. इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र की पड़ताल की गई.
हेलमेट और सीट बेल्ट पर विशेष नजर
अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने वाले बाइक चालकों और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वाले कार चालकों पर विशेष निगरानी रखी गई. नियमों की अनदेखी करने वाले कई वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन हर हाल में जरूरी है.
नाबालिग ड्राइविंग और मोबाइल इस्तेमाल पर सख्ती
यातायात पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश ने कहा कि बिना हेलमेट वाहन चलाना, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह है. ऐसे मामलों में प्रशासन लगातार सख्ती बरत रहा है.
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर
उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों की भी भागीदारी जरूरी है. नियमों का पालन कर लोग न सिर्फ जुर्माने से बच सकते हैं, बल्कि अपनी और दूसरों की जान भी सुरक्षित रख सकते हैं. जिला प्रशासन ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे.
Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड
