सहरसा में पानी के मोटर का तार जोड़ते समय युवक की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

saharsa News : सहरसा के सोनवर्षाराज में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया. नहाने के दौरान पानी के मोटर का तार जोड़ रहे युवक की करंट लगने से मौत हो गई. देखते ही देखते एक हंसता-खेलता परिवार मातम में बदल गया.

अमित राठौड़, सोनवर्षाराज (सहरसा).

saharsa News : काशनगर थाना क्षेत्र के बिंदटोली गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय युवक की जान चली गई. पानी के मोटर का तार जोड़ने के दौरान करंट की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

नहाने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

मिली जानकारी के अनुसार कोपा पंचायत के भस्ती बिंदटोली वार्ड संख्या 4 निवासी राजकुमार महतो के पुत्र सिंटू कुमार घर में नहाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान वह पानी के मोटर का तार जोड़ने लगे. बताया जाता है कि तार जोड़ने के क्रम में अचानक विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गए और मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए.

घटना के बाद परिवार और आसपास के लोग तुरंत उन्हें बचाने के लिए दौड़े और इलाज के लिए सोनवर्षाराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.

पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक अपने पीछे पत्नी रिंकू देवी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. गांव के लोग भी परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंटू कुमार मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे. उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यह हादसा एक बार फिर विद्युत उपकरणों के उपयोग के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को रेखांकित करता है. विशेषज्ञों का कहना है कि गीले हाथों या नहाने के दौरान बिजली से जुड़े उपकरणों और तारों को छूना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है.

Also Read: यूरोप ट्रिप से लेकर महंगे गिफ्ट तक, टेंडर घोटाला मामले में एक्शन, IAS योगेश और अभिलाषा सस्पेंड

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >