अब घर बैठे होगी रजिस्ट्री: सोनवर्षा में 18 जुलाई से बुजुर्गों के लिए नई व्यवस्था

बिहार में 18 जुलाई से जमीन, प्लॉट और फ्लैट की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस हो जाएगी. नई व्यवस्था से जालसाजी पर रोक लगेगी और 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर बैठे रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी.

Bihar Registration Rules 2026: सहरसा जिले के सोनवर्षाराज स्थित अवर निबंधन कार्यालय में 18 जुलाई से बिहार निबंधन नियमावली-2026 लागू हो जाएगी. अवर निबंधन पदाधिकारी दिव्यांशु दिव्याल ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत जमीन, प्लॉट और फ्लैट की रजिस्ट्री प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी, जिससे लोगों को अधिक पारदर्शी और त्वरित सेवाएं मिलेंगी.

डिजिटल व्यवस्था से जालसाजी पर लगेगी रोक

नई प्रणाली लागू होने के बाद पूरी निबंधन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी. इससे फर्जी दस्तावेजों, धोखाधड़ी और बिचौलियों की भूमिका पर प्रभावी रोक लगेगी. कागजी दस्तावेजों की आवश्यकता कम होगी और लोगों को लंबी कतारों से भी राहत मिलेगी. विभाग का दावा है कि इससे समय और धन दोनों की बचत होगी.

80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को मिलेगी विशेष सुविधा

नई नियमावली के तहत 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रजिस्ट्री कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं होगी. विभाग के अधिकृत कर्मी आधुनिक तकनीकी उपकरणों के साथ उनके घर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य डिजिटल औपचारिकताएं पूरी करेंगे. इसके बाद संबंधित अंचल कार्यालय द्वारा ऑनलाइन सत्यापन किया जाएगा.

10 दिनों में नहीं हुई कार्रवाई तो आवेदन स्वतः होगा अग्रसारित

अवर निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि यदि संबंधित अंचल कार्यालय 10 दिनों के भीतर आवेदन को स्वीकृत या अस्वीकृत नहीं करता है, तो निर्धारित समय पूरा होने पर आवेदन स्वतः निबंधन कार्यालय के पोर्टल पर अग्रसारित हो जाएगा और आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

प्रथम चरण में 10 कार्यालयों का चयन

Bihar Registration Rules 2026: राज्यपाल के आदेश से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य के 10 निबंधन कार्यालयों में पहले चरण में नई डिजिटल व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसमें सोनवर्षा अवर निबंधन कार्यालय भी शामिल है. जिन कार्यालयों को अभी शामिल नहीं किया गया है, वहां फिलहाल बिहार निबंधन नियमावली-2008 के तहत पूर्ववत व्यवस्था जारी रहेगी.

नई व्यवस्था को लेकर लोगों में उत्साह

सोनवर्षा अवर निबंधन कार्यालय के प्रथम चरण में चयनित होने से स्थानीय लोगों, डीड राइटर्स और आम नागरिकों में उत्साह का माहौल है. लोगों का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से निबंधन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी, भ्रष्टाचार और अनावश्यक देरी पर अंकुश लगेगा तथा लोगों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी.कार्यक्रम के दौरान चिंटू कुमार, सुमन कुमार, पप्पू कुमार, अमित कुमार, कार्तिक कुमार यादव, शंभु कुमार यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

और पढ़ें : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Pintu Pranav

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >