सहरसा में दुकान के सामने वाहन खड़ी करने पर बवाल, दो पक्षों में मारपीट

Saharsa news: जानकारी के अनुसार एक चार पहिया वाहन चालक ने अपनी गाड़ी दहलान चौक स्थित एक दुकान के सामने खड़ी कर दी थी. दुकानदार ने वाहन चालक से गाड़ी हटाने का अनुरोध किया ताकि आवागमन में परेशानी न हो. आरोप है कि चालक वाहन हटाने को तैयार नहीं हुआ.

दहलान चौक पर चले ईंट-पत्थर, महिला दुकानदार घायल; बाइक क्षतिग्रस्त

सहरसा से अंजन आर्यन की रिपोर्ट:

Saharsa news: सदर थाना क्षेत्र के दहलान चौक पर रविवार शाम दुकान के सामने चार पहिया वाहन खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और ईंट-पत्थर भी चले. घटना में कई लोगों को चोटें आईं, जबकि एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.

जानकारी के अनुसार एक चार पहिया वाहन चालक ने अपनी गाड़ी दहलान चौक स्थित एक दुकान के सामने खड़ी कर दी थी. दुकानदार ने वाहन चालक से गाड़ी हटाने का अनुरोध किया ताकि आवागमन में परेशानी न हो. आरोप है कि चालक वाहन हटाने को तैयार नहीं हुआ.

इसी दौरान दुकानदार अपनी बाइक बाहर निकाल रहा था. बाइक निकालने के क्रम में वह सामने खड़ी कार से हल्के रूप से टकरा गई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.

स्थानीय लोगों के अनुसार विवाद बढ़ने पर वाहन चालक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया. उनके पहुंचते ही माहौल और तनावपूर्ण हो गया तथा दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट होने लगी. घटना के दौरान चौक पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व दुकानदारों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

मारपीट के दौरान सड़क किनारे पंसारी की दुकान चलाने वाली एक महिला इसकी चपेट में आ गई. सिर में चोट लगने से वह घायल हो गई. महिला के घायल होने की सूचना मिलते ही आसपास की महिला व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.

आक्रोशित लोगों ने वाहन चालक के साथियों की एक बाइक पकड़ ली और उसे क्षतिग्रस्त कर दिया. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर भी चलाए गए. घटना के कारण दहलान चौक पर कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बना रहा और यातायात भी प्रभावित हुआ.

सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर थाना ले गई है. मामले की जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.

पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >