सहरसा में पेंशन से छात्रवृत्ति तक योजनाओं की हुई समीक्षा, डीएम ने अधिकारियों को दिया निर्देश

Saharsa News: क्या आपकी पेंशन, छात्रवृत्ति या परिवार लाभ योजना का आवेदन अभी तक लंबित है? सहरसा में डीएम दीपेश कुमार ने जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी लाभुक को योजनाओं का लाभ पाने के लिए इंतजार न करना पड़े.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Saharsa News: जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. गुरुवार को जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में सामाजिक सुरक्षा, अल्पसंख्यक कल्याण और कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया. बैठक में लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया.

पेंशन और परिवार लाभ योजनाओं की हुई गहन समीक्षा

बैठक में सामाजिक सुरक्षा के तहत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं, कबीर अंत्येष्टि योजना, राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना और मुख्यमंत्री परिवार लाभ योजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए ताकि लाभुकों को समय पर सहायता मिल सके.

उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता पहुंचाना है, इसलिए किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए.

मदरसों में भी होगी साप्ताहिक जांच परीक्षा

जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय द्वारा संचालित मदरसा सुदृढ़ीकरण योजना, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना और अल्पसंख्यक छात्रावास योजना की भी समीक्षा की गई. इस दौरान जिलाधिकारी ने जिले के मदरसों में अन्य सरकारी विद्यालयों की तर्ज पर साप्ताहिक जांच परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया.

साथ ही खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया. उनका कहना था कि इससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता और सीखने की क्षमता में सुधार होगा.

आवासीय विद्यालयों की पढ़ाई पर भी रहेगा फोकस

कल्याण विभाग के अधीन संचालित आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नियमित साप्ताहिक मूल्यांकन परीक्षा आयोजित करने और शैक्षणिक गतिविधियों को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए.

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए निगरानी तंत्र को प्रभावी बनाया जाए और विद्यार्थियों को बेहतर सीखने का वातावरण उपलब्ध कराया जाए.

पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read: गोपालगंज के लालाछापर कांड के मुख्य आरोपी के पता बताने पर दिया जाएगा लाखों का इनाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >