17-18 जून को सहरसा के सभी प्रखंडों में लगेगा जन कल्याण शिविर, मिलेंगी दर्जनों सरकारी योजनाओं की सुविधाएं

Saharsa News: आयुष्मान कार्ड से लेकर पीएम आवास और किसान सम्मान निधि तक. अब सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए नहीं लगाने होंगे अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट

Saharsa News: जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. जिला प्रशासन की पहल पर 17 और 18 जून को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों में प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा. सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस शिविर में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी. प्रशासन का लक्ष्य पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ आसान और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है.

एक छत के नीचे मिलेंगी कई सरकारी सेवाएं

प्रखंड सहयोग सह जन कल्याण शिविर में लोगों को विभिन्न विभागों के लिए अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. शिविर में पंजीकरण, आवेदन, सत्यापन, ई-केवाईसी, लंबित मामलों के निष्पादन और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा. इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

आयुष्मान कार्ड से लेकर पेंशन तक मिलेगी सुविधा

शिविर में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी कई सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. पात्र लाभार्थी मौके पर ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.

किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए खास व्यवस्था

प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रवृत्ति योजना और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं भी शिविर में उपलब्ध रहेंगी.

जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचें लाभार्थी

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचें, ताकि योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो. अधिकारियों का कहना है कि यह शिविर सरकारी सेवाओं को लोगों के द्वार तक पहुंचाने और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है.

प्रशासन का संदेश स्पष्ट है – “आपका अधिकार, आपकी सुविधा, हमारी प्राथमिकता.” ऐसे में जिले के लोगों के लिए यह शिविर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का बेहतर अवसर साबित हो सकता है.

Also Read: लालू यादव के बर्थडे पर पढ़िए उनके कई मजेदार किस्से, जो आज भी लोगों को गुदगुदाते हैं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >