सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट.
Saharsa News: केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रविवार को सहरसा परिसदन में भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई. जिलाध्यक्ष साजन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में विधान पार्षद लालमोहन गुप्ता ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है.
“जनता का लगातार विश्वास मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि”
विधान पार्षद लालमोहन गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में जनता ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. यह सरकार की नीतियों और कार्यों पर जनता के विश्वास का प्रमाण है.
उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को केंद्र सरकार ने धरातल पर उतारने का काम किया है.
जनधन से लेकर आयुष्मान तक योजनाओं का उल्लेख
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए, जिससे वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला. प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे लाभार्थियों के खातों तक पहुंचाई गई, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा.
उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन को जनकल्याण की महत्वपूर्ण योजनाएं बताया.
किसानों, महिलाओं और युवाओं पर विशेष फोकस
लालमोहन गुप्ता ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड, सूक्ष्म सिंचाई और कृषि सिंचाई योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाया गया है.
वहीं महिलाओं के लिए लखपति दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहलें शुरू की गईं. युवाओं और छोटे उद्यमियों के लिए मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि और पीएम विश्वकर्मा योजना को रोजगार और स्वरोजगार बढ़ाने वाला कदम बताया.
आधारभूत संरचना में तेजी से हुआ विस्तार
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों, रेलवे नेटवर्क, मेट्रो सेवाओं और हवाई अड्डों के विकास में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है.
वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना, अटल टनल, चेनाब ब्रिज और भारतनेट जैसी परियोजनाओं ने देश की आधारभूत संरचना को नई मजबूती प्रदान की है. डिजिटल इंडिया अभियान के तहत गांवों तक इंटरनेट और तकनीकी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं.
सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय गौरव पर भी जोर
विधान पार्षद ने कहा कि कर्तव्य पथ, पंचतीर्थ, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, नए संसद भवन, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक और हर घर तिरंगा जैसे अभियानों ने राष्ट्रीय गौरव को नई पहचान दी है.
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों के आंकड़े नहीं हैं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं.
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाजपा के मीडिया प्रभारी सुमित कुमार, सह मीडिया प्रभारी कुमार अमरज्योति, सोशल मीडिया क्षेत्रीय प्रभारी मिस्टर झा सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
