बंगाल से लाई जा रही ब्रांडेड शराब की खेप जब्त, टेंपू से बरामद विदेशी शराब के साथ चार गिरफ्तार

Saharsa News: पुलिस को देखते ही टेंपू मोड़कर भागने लगे तस्कर, पीछा कर दबोचे गए. सीट के नीचे बने गुप्त तहखाने से निकली 84.45 लीटर विदेशी शराब की बड़ी खेप.

सहरसा से अंजन आर्यन की रिपोर्ट

Saharsa News: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं. सहरसा में शनिवार देर रात पुलिस ने ऐसी ही एक बड़ी तस्करी का भंडाफोड़ किया. सदर थाना पुलिस और जिला आसूचना इकाई की संयुक्त टीम ने वाहन जांच के दौरान एक टेंपू से 84.45 लीटर ब्रांडेड विदेशी शराब बरामद की और चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के सरगना की तलाश में जुटी है.

पुलिस को देखते ही भागने लगे तस्कर

जानकारी के अनुसार सदर अस्पताल चौकी प्रभारी गुंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम सिमराहा ढाला के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान कादिर चौक की ओर से आ रहा एक टेंपू पुलिस को देखकर अचानक मुड़ गया और भागने का प्रयास करने लगा. संदेह होने पर पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया.

टेंपू में चालक समेत चार लोग सवार थे. पूछताछ में उनकी पहचान बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के इटहरा निवासी गोविंद कुमार तथा मुरली भरना निवासी राकेश कुमार, देवनाथ कुमार और धर्मेंद्र राय के रूप में हुई.

सीट के नीचे बने तहखाने से निकली शराब

पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली. जांच के दौरान चालक सीट के नीचे बने विशेष तहखाने से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई. जब्त शराब में रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड, सिग्नेचर प्रीमियर और ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार कुल 84.45 लीटर शराब बरामद की गई. अधिकांश बोतलों पर “For Sale in West Bengal Only” अंकित पाया गया, जिससे स्पष्ट हुआ कि खेप बंगाल से लाई जा रही थी.

संतनगर का दिलखुश साह बना जांच का केंद्र

पूछताछ में चालक गोविंद कुमार ने बताया कि शराब की यह खेप संतनगर निवासी दिलखुश साह के लिए लाई जा रही थी. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दिलखुश साह कथित तौर पर शराब तस्करी नेटवर्क का प्रमुख संचालक है, जो बंगाल से शराब मंगवाकर शहर और आसपास के इलाकों में सप्लाई कराता था.

मोबाइल और टेंपू भी जब्त

तलाशी के दौरान चारों आरोपियों के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए. पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त टेंपू (BR43PA-3288) को भी जब्त कर लिया है. सभी आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की तैयारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है. प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जाएगा.

Also Read: रौशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत, खान सर की ओर से दर्ज FIR में था नाम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >