Saharsa Mandi Bhav: सहरसा मंडी में बुधवार को अनाज बाजार का मिला-जुला रुख देखने को मिला. जहां मक्का और गेहूं के दाम में नरमी दर्ज की गयी, वहीं चावल के बाजार में मजबूती बनी रही. मंडी कारोबारियों के अनुसार मक्का की बढ़ी हुई आवक और सीमित खरीदारी के कारण इसके भाव दबाव में हैं. दूसरी ओर बाहरी बाजारों से बढ़ती मांग के चलते चावल की प्रमुख किस्मों के दाम मजबूत बने हुए हैं. ऐसे में किसानों और व्यापारियों की नजर अब आने वाले दिनों के बाजार रुख पर टिकी हुई है.
मक्का की बढ़ी आवक ने दबाये दाम
मंडी कारोबारियों का कहना है कि इन दिनों किसान लगातार मक्का लेकर मंडी पहुंच रहे हैं. बाजार में पर्याप्त मात्रा में मक्का उपलब्ध होने के बावजूद बड़े खरीदार सीमित मात्रा में ही खरीदारी कर रहे हैं. मांग और आपूर्ति के बीच बने इस असंतुलन का असर कीमतों पर पड़ा है. यही वजह है कि मक्का के भाव में नरमी देखने को मिल रही है.
बुधवार को मंडी में मक्का 1900 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
गेहूं बाजार में भी दिखी सुस्ती
मक्का की तरह गेहूं बाजार में भी सुस्ती का माहौल बना हुआ है. मंडी में पर्याप्त स्टॉक मौजूद होने के कारण कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गयी. कारोबारियों का कहना है कि फिलहाल बाजार में मांग सामान्य बनी हुई है.
गेहूं का भाव 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच दर्ज किया गया.
चावल ने संभाला बाजार, बढ़ी मांग से मजबूत हुए दाम
अनाज बाजार में चावल ने मजबूती दिखायी है. खासकर बाहरी राज्यों से आ रही मांग के कारण चावल की प्रमुख किस्मों के दाम मजबूत बने हुए हैं. कारोबारियों का मानना है कि यदि मांग का यह रुख जारी रहा तो आने वाले दिनों में कीमतों में और तेजी देखी जा सकती है.
मंडी में खिलाखिला चावल 5300 से 5400 रुपये प्रति क्विंटल बिका. वहीं 24 कैरेट बासमती और 24 कैरेट जी हां चावल का भाव 5700 से 5800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
Saharsa Mandi Bhav: दाल, तेल और सब्जियों का भी जानिए ताजा भाव
दालों में मसूर 6500 से 7000 रुपये, अरहर 12500 से 13000 रुपये और चना दाल 7500 से 8000 रुपये प्रति क्विंटल रही. गोटा चना 6500 से 6700 रुपये और गोटा मूंग 10000 से 10500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका.
वहीं पीला सरसों 11000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल रहा. 15 लीटर धारा सरसों तेल 2550 से 2600 रुपये तक बिका. आलू 800 से 900 रुपये और प्याज 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिके.
अगले सप्ताह बाजार की दिशा तय करेंगे मक्का और चावल
मंडी विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में मक्का की आवक और चावल की मांग बाजार की दिशा तय करेगी. ऐसे में किसानों और व्यापारियों को ताजा मंडी भाव पर लगातार नजर बनाए रखने की जरूरत है.
