RPF Action : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शुक्रवार को सहरसा रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 15510 राज्यरानी एक्सप्रेस के जनरल कोच से लावारिस हालत में रखा एक संदिग्ध बोरा बरामद किया. जांच के दौरान बोरे से प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की 90 बोतलें मिलीं. बरामद कफ सिरप की कुल मात्रा 9 लीटर बताई गई है.
सूचना मिलते ही हरकत में आई आरपीएफ टीम
आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार ने बताया कि ट्रेन के सिमरी बख्तियारपुर से खुलने के बाद मार्गरक्षण दल में तैनात एएसआई सुनील कुमार ने जनरल कोच में संदिग्ध बोरा होने की सूचना दी थी. यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बोरे पर अपना दावा नहीं किया. इसके बाद आरपीएफ की टीम सहरसा स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंची और ट्रेन के पहुंचते ही कोच संख्या 225726/C की तलाशी ली.
गवाहों की मौजूदगी में खोला गया बोरा
आरपीएफ निरीक्षक धनंजय कुमार के नेतृत्व में प्रधान आरक्षी वीरेंद्र कुमार और प्रधान आरक्षी दिलीप कुमार ने गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध बोरे को खोला. तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की 90 बोतलें बरामद हुईं. पूरी कार्रवाई नियमानुसार पूरी करते हुए जब्ती सूची तैयार की गई.
16 हजार रुपये से अधिक आंकी गई कीमत
आरपीएफ के अनुसार बरामद कफ सिरप की एक खेप की अनुमानित कीमत 7,695 रुपये और दूसरी खेप की 8,325 रुपये है. इस तरह कुल बरामद सामग्री की कीमत 16,020 रुपये आंकी गई है. जब्त कफ सिरप और उससे संबंधित दस्तावेज आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मध निषेध थाना, सहरसा को सौंप दिए गए हैं.
खेप किसकी थी, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस और संबंधित एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रतिबंधित कफ सिरप की यह खेप किसकी थी और इसे किस उद्देश्य से तथा कहां ले जाया जा रहा था. मामले में अग्रेतर कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
