पर्व के नाम पर किसी भी प्रकार की सामाजिक मर्यादा भंग करने की अनुमति नहीं

पर्व के नाम पर किसी भी प्रकार की सामाजिक मर्यादा भंग करने की अनुमति नहीं

सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित सहरसा. होली पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को सदर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता प्रशासनिक अधिकारियों ने की. जिसमें जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व विभिन्न राजनीतिक दल के नेता मौजूद थे. बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम सुधीर कुमार ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान अश्लील एवं जाति सूचक गाना गाने या बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी व ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज की जायेगी. उन्होंने कहा कि पर्व के नाम पर किसी भी प्रकार की सामाजिक मर्यादा भंग करने की अनुमति नहीं दी जायेगी. मुख्यालय डीएसपी ओमप्रकाश कुमार ने बताया कि डीजे पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लागू है. उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कमेटी बनाकर स्वयं होलिका दहन करायें और प्रशासन का सहयोग करें. साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी सख्ती से लागू है. यदि कहीं शराब बेचने या पीने की सूचना मिलती है तो तुरंत प्रशासन या पुलिस को अवगत करायें, डीएसपी ने अभिभावकों से भी होली के दिन अपने बच्चों पर विशेष निगरानी रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है. ऐसे में समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है. सदर थाना अध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि होलिका दहन एवं होली के दिन पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहेगा. किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें, पुलिस 24 घंटे सक्रिय रहेगी. बैठक में मौजूद लोगों ने शहर की साफ-सफाई का मुद्दा उठाया. जिस पर नगर निगम के पदाधिकारी ने होली से पूर्व शहर की सफाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया. बैठक में अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी राजकिशोर यादव ने अपील की कि होलिका दहन स्थलों पर पानी की व्यवस्था रखें तथा गली-मोहल्लों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाये, ताकि आग लगने की स्थिति में अग्निशमन वाहन समय पर पहुंच सके. बैठक के समापन के बाद मौजूद पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी, बैठक में यातायात डीएसपी ओमप्रकाश कुमार, मद्यनिषेध विभाग के संजीत कुमार, राजद जिलाध्यक्ष मो ताहिर, भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा, जदयू नेता मो मोहीउद्दीन राइन, बीएसपी जिला अध्यक्ष संतोष राय, माले नेता कुंदन यादव सहित कई गणमान्य मौजूद थे,

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >