सहरसा. शिक्षक दिवस के अवसर पर गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल के नोडल पदाधिकारी सह नगर आयुक्त प्रभात कुमार झा ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक शुभकामना दी. उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु को सर्वोच्च स्थान दिया गया है. गुरु ही ज्ञान के माध्यम से व्यक्ति को सही दिशा प्रदान करते हैं एवं उसके व्यक्तित्व व भविष्य का निर्माण करते हैं. अपने संदेश में नगर आयुक्त ने कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान देने तक सीमित नहीं होते हैं. बल्कि वे विद्यार्थियों में चरित्र, संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं समर्पण की भावना विकसित करते हैं.
कठिन परिस्थितियों में शिक्षक का मार्गदर्शन प्रकाश की तरह करता है कार्य
जीवन की कठिन परिस्थितियों में शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के लिए प्रकाश की तरह कार्य करता है. उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना रखते उनके बताए मार्ग पर चलें. ज्ञान, अनुशासन, संस्कार, परिश्रम एवं समर्पण को अपने जीवन का आधार बनाकर आगे बढ़ें. नगर आयुक्त ने विश्वास जताया कि गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राएं अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के बल पर विद्यालय, परिवार, समाज एवं सहरसा का नाम रोशन करेगी. उन्होंने सभी छात्राओं के उज्ज्वल, सफल एवं संस्कारपूर्ण भविष्य की मंगलकामना करते शिक्षक दिवस की बधाई दी.
