सहरसा से अंजन आर्यन की रिपोर्ट.
Muharram 2026: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सहरसा पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है. इसी कड़ी में गुरुवार की शाम सदर थाना परिसर से जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया. पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना था.
संवेदनशील इलाकों में उतरी पुलिस, सुरक्षा का दिया संदेश
फ्लैग मार्च सदर थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, मुख्य सड़कों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा. इस दौरान पुलिस बल ने लोगों से शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की. साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है.
फ्लैग मार्च में प्रशिक्षु आईएएस केतन शुक्ला, सदर एसडीएम श्रीयांश तिवारी, सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश, प्रशिक्षु डीएसपी खालिद हयात, सदर थानाध्यक्ष अजय पासवान सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी शामिल रहे.
SP की दो टूक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने कहा कि 26 और 27 जून को मुहर्रम पर्व मनाया जाएगा. इसे देखते हुए जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
एसपी ने कहा कि पर्व के दौरान अफवाह फैलाने, माहौल खराब करने या असामाजिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी.
दंगा नियंत्रण बल का हुआ विशेष रिहर्सल
संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला पुलिस ने दंगा नियंत्रण बल का विशेष रिहर्सल भी कराया है. इस दौरान वाटर कैनन, टियर गैस और अन्य आधुनिक उपकरणों के उपयोग का अभ्यास किया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
Muharram 2026: भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील
एसपी विक्रम सिहाग ने कहा कि सहरसा की जनता हमेशा शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अग्रणी रही है. उन्हें विश्वास है कि इस बार भी लोग प्रशासन का सहयोग करेंगे और मुहर्रम पर्व को परंपरा, अनुशासन और भाईचारे के साथ मनाएंगे.
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
