सुबह चाय देने आया पुत्र तो पिता को फंदे से लटका पाया कलह से परेशान पत्नी भी नौ माह पूर्व ससुराल छोड़ चली गयी थी मायके सोनवर्षाराज. थाना क्षेत्र के लगमा गांव में परिवारिक कलह को लेकर मानसिक रूप से परेशान 40 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मिली जानकारी के अनुसार लगमा पंचायत के वार्ड 10 निवासी रमेश झा का पुत्र धर्मवीर झा अक्सर परिवार में विवाद किया करता था. बताया जाता है कि धर्मवीर झा के विवाद करने की वजह से पत्नी शिल्पी कुमारी ससुराल छोड़ करीब 9 माह पूर्व अपने मायके चली गयी. जिसके बाद से धर्मवीर झा मानसिक रूप से परेशान रहने लगा. गुरुवार की सुबह मृतक का पुत्र सत्यम कुमार सो रहे पिता को चाय देने को लेकर कमरे में गया तो पाया कि धर्मवीर झा गमछे के सहारे फंदे से लटका हुआ है. जिसके बाद पुत्र सत्यम के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे व धर्मवीर झा को फंदे से नीचे उतारा. घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे व शव को कब्जे में लेकर लोगों से आवश्यक पूछताछ की. घटना को लेकर एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.
परिवारिक कलह को लेकर मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या
परिवारिक कलह को लेकर मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ने की आत्महत्या
