42 हजार 881 का जीवन प्रमाणीकरण अब भी लंबित
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाइव कार्यक्रम हुआ आयोजित
सहरसा. बिहार सरकार के सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में मई की पेंशन राशि डीबीटी के जरिए हस्तांतरित की गयी. इस अवसर पर विकास भवन सभागार में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुकों के समक्ष प्रदर्शित किया गया. जिले के मुख्य कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपेश कुमार, अपर समाहर्ता निशांत, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आइसीडीएस कुमारी पुष्पा, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा मुकेश कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार सहित जिले के निकटवर्ती क्षेत्रों से आए 100 से अधिक पेंशनधारी मौजूद थे.
सभी छह प्रकार के पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भेजी गयी राशि
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार के सभी छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के उन लाभार्थियों को मई की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गयी है. जिनका जीवन प्रमाणीकरण 31 मई तक पूरा हो चुका था. उन्होंने बताया कि जिले में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 52 हजार 480, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के एक लाख आठ हजार 272, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के आठ हजार 938, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 13 हजार 369, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्तता पेंशन योजना के एक हजार 293 एवं बिहार निशक्तता पेंशन योजना के 13 हजार 859 लाभार्थियों को मई माह की पेंशन राशि उनके खातों में भेजी गयी है. उन्होंने कहा कि यह योजना वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजनों को सामाजिक सम्मान और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में कुल दो लाख 43 हजार 967 पेंशनधारी हैं. इनमें से 30 मई तक एक लाख 99 हजार 258 लाभार्थियों ने अपना जीवन प्रमाणीकरण करा लिया है, जबकि 42 हजार 881 पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण अभी लंबित है. उन्होंने अपील की कि जिन लाभार्थियों ने अब तक जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया है, वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करें, जिससे भविष्य में उनकी पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से समय पर होता रहे.