सहरसा. शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को मारवाड़ी युवा मंच संस्कृति शाखा की ओर से शहर के एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते उन्हें उपहार भेंट किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई. इस दौरान शाखा के सदस्यों ने सभी शिक्षकों को सम्मानित करते उनके ज्ञान, मार्गदर्शन एवं समाज निर्माण में योगदान की सराहना की.
शिक्षक समाज एवं राष्ट्र निर्माण के हैं मजबूत नींव
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज एवं राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव हैं. उनके समर्पण एवं मार्गदर्शन से विद्यार्थियों का भविष्य संवरता है व समाज को सही दिशा मिलती है. कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच संस्कृति शाखा की अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल, सचिव निधि तुलसियान एवं कोषाध्यक्ष कीर्ति तुलसियान मौजूद थी. वहीं शाखा सदस्य प्रीति तुलसियान, ममता तुलसियान, सपना पचेरिया एवं अन्नू पचेरिया ने सक्रिय सहभागिता निभाई. शाखा के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाने में योगदान दिया. इस अवसर पर शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते उनके ज्ञान, मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त किया गया. कार्यक्रम ने गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति सम्मान एवं सेवा भावना का संदेश दिया.
