फसल बर्बादी पर 28 को स्टेडियम के पास होगा महागठबंधन का महाधरना
”आधा नहीं, किसान को पूरा मुआवजा चाहिए” की होगी मांग
सहरसा. जिले में किसानों की फसल क्षतिपूर्ति को लेकर अब सियासत गरम हो गयी है. बेमौसम आंधी-तूफान एवं बारिश से पूरी तरह बर्बाद हुई फसल के बावजूद मुआवजे में अनियमितता के आरोपों के बीच राष्ट्रीय जनता दल ने बड़ा ऐलान किया है. इसको लेकर बुधवार को राजद जिलाध्यक्ष प्रो मो ताहिर की अध्यक्षता में बैठक की गयी. जिसमें निर्णय लिया गया कि राजद महागठबंधन के बैनर तले 28 मार्च को जिले में महाधरना आयोजित किया जायेगा. इसको लेकर बिहार के चर्चित राजद विधायक डॉ गौतम कृष्ण ने बड़ा ऐलान किया है. राजद जिलाध्यक्ष प्रो मो ताहिर ने कहा कि जब किसानों की फसल शत प्रतिशत बर्बाद हुई है, तो 50 प्रतिशत क्षति का आंकड़ा दिखाकर सीमित लोगों को ही मुआवजा देने की बात क्यों सामने आ रही है. राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार एवं प्रशासन किसानों के साथ अन्याय कर रही है. वास्तविक स्थिति को नजरअंदाज कर चयनित लोगों को ही राहत देने की कोशिश हो रही है, जिससे आम किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं. प्रो ताहिर ने कहा कि यह धरना सिर्फ शुरुआत है. धरना तो अंगड़ाई है, आगे बहुत बड़ी लड़ाई है. इस नारे के साथ राजद अब किसानों के हक की लड़ाई को सड़क से सदन तक ले जाने की तैयारी में है. राजद की मांग है कि सभी प्रभावित किसानों को बिना भेदभाव के पूर्ण फसल क्षति का मुआवजा दिया जाये. सर्वे की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाये.
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.