सहरसा MDM छिपकली कांड में शिक्षा मंत्री का बड़ा एक्शन: हेडमास्टर सस्पेंड, 3 रसोइए बर्खास्त; 3 सदस्यीय जांच टीम गठित

सहरसा के बसदेवा मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन में छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद 25 बच्चे बीमार पड़ गए. इस गंभीर मामले पर शिक्षा मंत्री ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया है और रसोइयों को सेवामुक्त करने का आदेश दिया है.

सहरसा. जिले के कहरा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बसदेवा में मध्याह्न भोजन में कथित तौर पर छिपकली मिलने और इसके बाद 25 बच्चों के अस्पताल में भर्ती होने के मामले को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गंभीरता से लिया है. शिक्षा मंत्री के निर्देश के बाद रविवार को विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेन्द्र कुमार को निलंबित कर दिया गया. साथ ही विद्यालय में कार्यरत तीनों रसोइयों को सेवा-मुक्त करने का निर्देश दिया गया है.

बच्चों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं : शिक्षा मंत्री

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. मध्याह्न भोजन योजना के तहत बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है.

उन्होंने मध्याह्न भोजन योजना के निदेशक को पूरे मामले की गंभीरता से निगरानी करने का निर्देश दिया. मंत्री ने कहा कि जांच के दौरान यदि भोजन की आपूर्ति, गुणवत्ता, निगरानी या फॉलो-अप में किसी पदाधिकारी या कर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

144 विद्यालयों में हुई थी भोजन की आपूर्ति

जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहरसा के प्रतिवेदन के अनुसार 12 सितंबर को कहरा स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित उत्थान एवं शिक्षा समिति के केंद्रीयकृत रसोईघर से 144 विद्यालयों में मध्याह्न भोजन की आपूर्ति की गयी थी.

मामले को गंभीरता से लेते हुए इस आपूर्ति से संबंधित सभी 144 विद्यालयों के विपत्र की राशि में कटौती की गयी है. इसके साथ ही भोजन की आपूर्ति और गुणवत्ता से जुड़े पूरे मामले की जांच शुरू करायी गयी है.

विस्तृत जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित करने का निर्देश

शिक्षा मंत्री ने जिला पदाधिकारी, सहरसा को मामले की विस्तृत और निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित करने का निर्देश दिया है. टीम को पूरे मामले की जांच कर स्पष्ट रिपोर्ट उपलब्ध कराने और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है.

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन योजना के स्तर पर भी स्पष्टीकरण की कार्रवाई की गयी है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

आपूर्ति से लेकर निगरानी तक खंगाली जाएगी व्यवस्था

मामले की जांच में केंद्रीयकृत रसोईघर से भोजन की आपूर्ति, भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय स्तर पर निगरानी और घटना के बाद किए गए फॉलो-अप समेत विभिन्न बिंदुओं को शामिल किया जाएगा. शिक्षा मंत्री ने निर्देश दिया है कि जांच के आधार पर जिला प्रशासन स्पष्ट प्रतिवेदन उपलब्ध कराए. दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

25 बच्चों के अस्पताल में भर्ती होने के बाद मामला गंभीर

बसदेवा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में मध्याह्न भोजन में कथित तौर पर छिपकली मिलने के बाद 25 बच्चों के अस्पताल में भर्ती होने की घटना से मामला गंभीर हो गया था. अब शिक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच पर नजर है.विभाग का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मामले में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पिंटू प्रणव

प्रभात खबर में कंटेंट राइटर, जिन्हें डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 5 साल से ज़्यादा का अनुभव है. न्यूज़ राइटिंग, कंटेंट क्रिएशन, कॉपी एडिटिंग, हेडलाइन राइटिंग और फ़ैक्ट-चेकिंग में अनुभवी. कृषि, वन और पर्यावरण, शिक्षा, राजनीति, टेलीकम्युनिकेशन, धर्म और आध्यात्मिक मामले, सामाजिक मुद्दे, NGO और संस्थान, सरकारी कामकाज और समसामयिक मामलों जैसे कई विषयों पर काम किया है. संपादकीय मानकों और न्यूज़रूम की कार्यक्षमता को बनाए रखते हुए सटीक, प्रभावशाली और पाठकों पर केंद्रित पत्रकारिता करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >