जानकी एक्सप्रेस में फिर जुड़ेगा एसी कोच, एलएचबी रैक में होगा बदलाव, डीआरएम ने दिये निर्देश

जानकी एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. ट्रेन में जल्द ही एसी कोच की बहाली हो सकती है और इसे आधुनिक एलएचबी रैक में बदला जाएगा. समस्तीपुर मंडल रेल प्रबंधक ने इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं.

Janaki Express Update: जयनगर-सहरसा-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस के यात्रियों को जल्द ही बेहतर यात्रा सुविधाएं मिल सकती हैं. समस्तीपुर मंडल की डीआरयूसीसी बैठक में ट्रेन में एसी कोच की पुनर्बहाली और एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) रैक लगाने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. बैठक के दौरान समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये.

डीआरएम ने एसी कोच जोड़ने के दिये निर्देश

डीआरयूसीसी बैठक में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने सीनियर डीओएम को जानकी एक्सप्रेस में एसी कोच जोड़ने की दिशा में आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी.

एलएचबी रैक से बढ़ेगी सुरक्षा और आराम

Janaki Express Update: रेलवे द्वारा जानकी एक्सप्रेस को एलएचबी रैक में परिवर्तित करने की भी तैयारी की जा रही है. एलएचबी कोच पारंपरिक आईसीएफ कोच की तुलना में अधिक सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक माने जाते हैं. इनके उपयोग से यात्रा के दौरान झटके कम लगते हैं और दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा भी बेहतर रहती है.

पहले हटाया गया था एसी कोच

15284/15283 जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस प्रतिदिन सहरसा होकर संचालित होती है. वर्तमान में इस ट्रेन में छह स्लीपर कोच लगाए गए हैं. पूर्व में ट्रेन में एसी कोच भी उपलब्ध था, लेकिन बाद में उसे हटा दिया गया था. अब रेलवे एक बार फिर एसी कोच बहाल करने की दिशा में पहल कर रहा है.

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि एसी कोच की वापसी और एलएचबी रैक लगने से जानकी एक्सप्रेस की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी. इससे विशेष रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर यात्रा अनुभव मिलेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >