विशनपुर से इसरो तक, पहली कोशिश में ही विकास ने देशभर में हासिल किया दूसरा स्थान

बिहार के विशनपुर गांव के विकास कुमार यादव ने इसरो वैज्ञानिक पद की परीक्षा में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर अपने जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. उनकी इस शानदार उपलब्धि पर गांव और पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल है.

सत्तरकटैया (सहरसा) : प्रखंड के विशनपुर गांव निवासी विनय कुमार यादव एवं रूबी कुमारी के पुत्र विकास कुमार यादव ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) केंद्रीयकृत भर्ती बोर्ड की वैज्ञानिक पद की परीक्षा में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है. विकास की सफलता की खबर मिलते ही विशनपुर पंचायत सहित पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल है.

रिजल्ट जारी होते ही घर पहुंचने लगे लोग

विकास का परिणाम जारी होने के बाद उनके परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गयी. गांव के गणमान्य लोग उनके पैतृक आवास पर पहुंचकर माता-पिता और परिवार के सदस्यों को बधाई देने लगे. विकास फिलहाल दिल्ली में रहते हैं. लोगों ने दूरभाष के माध्यम से भी उन्हें शुभकामनाएं दीं.

पहली कोशिश में हासिल की बड़ी सफलता

परिजनों के अनुसार विकास के पिता विनय कुमार यादव सेना में पदस्थापित हैं, जबकि उनकी मां रूबी कुमारी गृहिणी हैं. विकास की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटर तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय जयपुर से हुई. इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स विषय में बीटेक की पढ़ाई पूरी की. बीटेक के बाद उन्होंने इसरो के वैज्ञानिक पद की परीक्षा दी और पहली ही कोशिश में देशभर में दूसरा स्थान हासिल कर लिया.

विकास दो भाइयों में छोटे हैं. उनके बड़े भाई आलोक कुमार यादव भी दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं. विकास ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों के साथ माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी, मामा-मामी सहित पूरे परिवार को दिया है.

गांव में खुशी का माहौल

विकास की उपलब्धि पर विशनपुर सहित आसपास के क्षेत्र के लोगों ने खुशी जतायी. उन्हें बधाई देने वालों में सिंधु कुमारी, मुखिया जुली कुमारी, पूर्व मुखिया रोजी राजल, शिक्षक दिनेश कुमार दिनकर, शत्रुघ्न यादव, जीवेन यादव, ललन यादव, तारणी यादव, बिंदेश्वरी यादव, रामबहादुर यादव, जयनारायण यादव, चंदन कुमार यादव, जवाहर यादव, सुनील कुमार, शिवप्रसाद यादव सहित दर्जनों लोग शामिल हैं.

बधाई देने पहुंचे गणमान्य व्यक्ति | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By लालबहादुर कुमार

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. प्रिंट मिडिया में वर्ष 2012 से लगातार कार्यरत हैं. वर्तमान में मैं सहरसा जिले के सत्तरकटैया प्रखंड में समाचार संकलन के कार्य में जुटे हैं.उनकी रूचि शिक्षा एवं समाज सेवा है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >