पतरघट (सहरसा) . अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार शाम प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों व प्रमुख स्थानों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर सामाजिक एकता, आपसी समरसता और संगठन के उद्देश्यों की जानकारी दी. विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने परिषद के पदाधिकारियों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया.
एकजुटता व समरसता का दिया संदेश
क्षेत्र भ्रमण के दौरान परिषद के नेताओं ने कहा कि समाज की मजबूती के लिए आपसी समन्वय, भाईचारा और एकजुटता जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने तथा समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की. युवाओं को भी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया. नेताओं ने कहा कि किसी भी समाज की शक्ति उसकी एकता और संगठन में निहित होती है. लोगों को अपने अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने की जरूरत है.
गांव-गांव संपर्क अभियान चलाने पर जोर
क्षेत्रीय संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सामाजिक जागरूकता और एकजुटता के लिए लगातार संपर्क अभियान चलाया जा रहा है. संगठन का उद्देश्य लोगों को सामाजिक व सांस्कृतिक विषयों के प्रति जागरूक करना तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच समन्वय स्थापित करना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद कायम करने और संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने की अपील की.
मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष जवाहर झा, प्रदेश उपाध्यक्ष राधाकृष्ण त्यागी, प्रांतीय महामंत्री रणजीत सिंह, संयुक्त मंत्री भूपेंद्र प्रियदर्शी समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे. क्षेत्र भ्रमण के दौरान चंद्रशेखर सिंह, संजय कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, निर्मल शर्मा, बिनोद शर्मा, रामप्रवेश यादव, दशरथ शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण व संगठन से जुड़े कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ALSO READ सारण: बाढ़ में खाकी का मानवीय चेहरा, नंगे पैर कंधे पर बांस लेकर तटबंध बचाने उतरे DySP HQ अभिषेक सिंह
