सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा) .शनिवार को सिमरी बख्तियारपुर पहुंचे जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने मॉडल स्कूल के निरीक्षण के बाद हाई स्कूल मैदान का भी जायजा लिया. उन्होंने मैदान की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और खेल गतिविधियों की जानकारी ली. खेल गतिविधियों को देखते हुए डीएम ने मैदान को जल्द स्टेडियम के रूप में विकसित करने की बात कही.
खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर सुविधा
डीएम ने कहा कि हाई स्कूल मैदान में लंबे समय से स्थानीय युवा और खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास व आयोजन करते हैं. ऐसे में मैदान को व्यवस्थित और आधुनिक रूप देकर बेहतर खेल परिसर के रूप में विकसित करने की आवश्यकता है. स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है. खिलाड़ियों को बेहतर मैदान, आवश्यक संसाधन और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है. इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा और वे जिला व राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे.
साफ-सफाई, समतलीकरण व जल निकासी पर जोर
डीएम ने मौके पर मौजूद नगर परिषद कर्मी को मैदान के विकास को लेकर आवश्यक निर्देश दिये. उन्होंने स्टेडियम निर्माण की दिशा में प्रक्रिया जल्द आगे बढ़ाने को कहा. मैदान की साफ-सफाई, समतलीकरण और जल निकासी समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया. डीएम ने कहा कि मैदान को इस तरह विकसित किया जाए कि यहां खेल प्रतियोगिताओं के साथ बड़े आयोजनों में भी परेशानी नहीं हो. डीएम के निर्देश से स्थानीय खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में मैदान के जल्द विकसित होने की उम्मीद जगी है.
