खगना नदी में डूबने के 40 घंटे बाद किशोरी का शव पानी में बहता बरामद

40 घंटे बाद किशोरी का शव पानी में बहता बरामद

सोनी कुमारी का शव घटना के करीब 40 घंटे बाद गुरुवार की सुबह बरामद परिजनों में मचा कोहराम सलखुआ . प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खगना नदी में डूबी किशोरी सोनी कुमारी का शव घटना के करीब 40 घंटे बाद गुरुवार की सुबह बरामद किया गया. शव नदी में बहता हुआ मिलने के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गयी, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि बीते सोमवार को हरिपुर निवासी मनोहर ठाकुर की पुत्री 15 वर्षीय सोनी कुमारी कपड़ा धोने के दौरान खगना नदी में डूब गयी थी. घटना के बाद से ही परिजनों व स्थानीय लोगों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी. हालांकि प्रशासन की ओर से भेजी गयी एसडीआरएफ टीम भी बिना गोताखोर के शव की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी थी. गुरुवार की सुबह जब नदी में बहता हुआ शव देखा गया तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों एवं प्रशासन को दी. शव मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया. बेटी का शव देखते ही मां बेहोश हो गयी और होश में आने के बाद बार-बार विलाप कर अचेत होती रही. घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष के निर्देश पर पीएसआई दीपक कुमार राम, पीएसआई बिट्टू कुमार एवं महिला सिपाही कंचन कुमारी ने दल-बल के साथ पहुंचकर चौकीदार हरदेव यादव के कब्जे में रखे शव की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मृतका के पिता मनोहर ठाकुर के बयान के आधार पर यूडी केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है. स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाये हैं. उनका आरोप है कि समय पर प्रशिक्षित गोताखोर उपलब्ध कराए जाते तो शव की बरामदगी पहले हो सकती थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >